Homeभारत'ये आंकड़े झूठे हैं…शाम तक डटे रहें', ममता बनर्जी ने वीडियो जारी...

‘ये आंकड़े झूठे हैं…शाम तक डटे रहें’, ममता बनर्जी ने वीडियो जारी कर कार्यकर्ताओं का बढ़ाया मनोबल

 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है।

कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों में भाजपा बंपर जीत की ओर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इन आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। ममता बनर्जी ने इस बीच एक वीडियो संदेश जारी कर कार्यकर्ताओं से डटे रहने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

भवानीपुर सीट से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा कि काउंटिंग एजेंट और प्रत्याशी किसी भी स्थिति में काउंटिंग सेंटर न छोड़ें। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की यह रणनीति है कि शुरुआती राउंड में खुद को आगे दिखाया जाए।

ममता बनर्जी ने क्या कहा?

ममता बनर्जी ने कहा, “मैं कल से ही कह रही हूं कि पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा। कई जगहों पर काउंटिंग को रोका गया है। कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं, जिनमें आंकड़ों का कोई मेल नहीं है।”

ममता ने आगे केंद्रीय बलों और प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सेंट्रल फोर्स के जरिए टीएमसी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया जा रहा है और ‘एसआईआर’ के माध्यम से वोट लूटने की कोशिश की गई है।

टीएमसी प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी 100 से ज्यादा सीटों पर आगे है लेकिन यह जानकारी सही तरीके से सामने नहीं लाई जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अपनी मर्जी से काम कर रहा है और केंद्रीय बल व पुलिस उसके साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें – Bengal Result: पीएम मोदी ने जहां खाई थी झालमुड़ी, उस झाड़ग्राम का क्या है हाल?

कार्यकर्ताओं का बढ़ाया मनोबल

उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, “ घबराने की जरूरत नहीं है। अभी सिर्फ 2-4 राउंड की गिनती हुई है जबकि कुल 14-18 राउंड होते हैं। हमें सूर्यास्त के बाद जीत मिलेगी। ”

ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और अंत तक डटे रहने की अपील करते हुए कहा कि अंतिम नतीजों में टीएमसी की ही जीत होगी।

अब तक के रुझानों के मुताबिक, जिन 291 सीटों पर गिनती जारी है। उनमें भाजपा 191 पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, टीएमसी को 96 पर बढ़त हासिल है। ऐसे में यह बड़े बदलाव के संकेत दिखाता है। 2021 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा इस चुनाव में 77 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही थी।

यह भी पढ़ें – Tamilnadu में बड़ा उलटफेर, TVK ‘विजय’ की ओर, DMK तीसरे नंबर पर

ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर में 12 राउंड की गिनती के बाद करीब 7 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं।

नंदीग्राम सीट की बात करें तो यहां सुवेंदु अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं। 8 राउंड की गिनती के बाद उन्हें करीब 11 हजार वोटों की बढ़त हासिल है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के पबित्र कर इस सीट पर पीछे हैं।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular