Bengal Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच झाड़ग्राम सीट ने सबसे दिलचस्प मुकाबलों में जगह बना ली है। शुरुआती घंटों में कांटे की टक्कर के बाद अब यहां तस्वीर तेजी से भाजपा के पक्ष में जाती दिख रही है। सुबह 11:30 बजे तक आठवें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव ने तृणमूल कांग्रेस पर मजबूत बढ़त बना ली है।
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 8 राउंड की गिनती में भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मीकांत साव 47,025 वोट मिले हैं। और वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के मंगल सारेन से 11,418 वोटों से आगे चल रहे हैं। मंगल सारेन 35,607 वोट की बढ़त बनाए हुए हैं।
इस सीट पर सीपीआई (एम) के उम्मीदवार अर्जुन कुमार महाता 2,113 वोटों के साथ काफी पीछे हैं। वहीं बहुजन समाज पार्टी के सुंदर मोहन मुर्मू, निर्दलीय प्रत्याशी प्रबीर महाता और प्रबीर मांडी मुकाबले से बिल्कुल बाहर हैं।
गौरतलब है कि यह वही सीट है जहां चुनाव प्रचार के दौरान 19 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अचानक रुककर स्थानीय दुकानदार बिक्रम साव की दुकान पर झालमुड़ी खाई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। उस दौरान उनकी यह सहज और अनौपचारिक मौजूदगी काफी चर्चा में रही थी। और इसे भाजपा के जमीनी जुड़ाव के प्रतीक के तौर पर देखा गया था।

मामूली बढ़त के बाद झाड़ग्राम पर भाजपा की स्थिति हुई मजबूत
शुरुआती रुझानों में जहां भाजपा को मामूली बढ़त मिली थी, वहीं हर राउंड के साथ लक्ष्मीकांत साव ने अपनी बढ़त को लगातार मजबूत किया। आठवें राउंड तक यह अंतर 11 हजार वोटों के पार पहुंच गया, जिससे झाड़ग्राम सीट पर भाजपा की स्थिति फिलहाल बेहद मजबूत दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है। 2021 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 216 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी, जबकि भाजपा को 77 सीटें मिली थीं।
बंगाल की 294 में से 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है। दक्षिण 24 परगना जिले की फालता सीट पर 21 मई को फिर से वोटिंग कराया जाएगा और उसके नतीजे 24 मई को घोषित होंगे। राज्य में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू हुई।
मतगणना प्रक्रिया में बदलाव
मतगणना प्रक्रिया में इस बार कुछ बदलाव किए गए हैं। सुबह 8 बजे से 8:30 बजे तक केवल पोस्टल बैलेट गिने गए, जबकि इसके बाद पोस्टल बैलेट और ईवीएम वोटों की गिनती समानांतर रूप से शुरू हुई। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, इसका मकसद नतीजों को ज्यादा तेजी और पारदर्शिता के साथ सामने लाना है।
राज्य में इस बार 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें करीब 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। फिलहाल झाड़ग्राम सीट के रुझान भाजपा के लिए राहतभरी खबर लेकर आए हैं, लेकिन अंतिम तस्वीर आने तक राजनीतिक दलों की नजरें हर राउंड की गिनती पर टिकी रहेंगी।

