Thursday, April 23, 2026
Homeभारतबंगाल चुनाव: मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प,...

बंगाल चुनाव: मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, देर रात फेंके गए थे देसी बम

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले मतदान के पहले चरण में राज्य की 294 सीटों में से 152 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। मुर्शिदाबाद में हुमांयू कबीर और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है।

West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत जारी मतदान के बीच मुर्शिदाबाद में तृणमूल कार्यकर्ताओं और तृणमूल के पूर्व नेता हुमायूं कबीर के बीच झड़प की खबरें आई हैं। वहीं मालदा के एक बूथ पर ईवीएम खराब होने से हंगामे की खबर हैं। लोगों ने चुनाव अधिकारी को घेर लिया और आपत्ति जताई।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले मतदान के पहले चरण में राज्य की 294 सीटों में से 152 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इनमें उत्तर बंगाल के आठ जिलों की सभी 54 सीटें और मुर्शिदाबाद, नादिया, बीरभूम और हुगली की कई सीटें शामिल हैं। बंगाल में सुबह 9 बजे तक करीब 19 प्रतिशत मतदान की खबरें हैं।

मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर-टीएसी में झड़प

सामने आई जानकारी के अनुसार आम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) के संस्थापक कबीर मुर्शिदाबाद इलाके का दौरा कर रहे थे, जहां एक दिन पहले एक देसी बम फटने की घटना हुई थी। वे गुरुवार सुबह घटनास्थल पहुंचे थे, जहां तृणमूल कार्यकर्ताओं से उनकी झड़प हो गई।

इस पूरी घटना पर कबीर की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा, ‘मैंने उनकी रातों की नींद छीन ली है। मुर्शिदाबाद में तृणमूल जैसी कोई चीज नहीं होगी, यहां सिर्फ गुंडागर्दी है… वह नवादा में गुंडागर्दी कर रहे हैं, मैं उसे बरहामपुर की कुर्सी से हटा दूंगा… जब तक लोग यहां शांतिपूर्वक मतदान नहीं करते, मैं यहां से नहीं जाऊंगा…’

कुछ मतदान केंद्रों पर वोटिंग से रोकने जैसी भी खबरें हैं। बहरहाल, ताजा घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए चुनाव आयोग ने मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल में कई लोगों को मतदान करने से रोकने के आरोपों पर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। डोमकल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर गांव में कई लोगों ने दावा किया कि सुबह से ही हथियार लिए कुछ लोग इलाके में मौजूद हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। मुर्शिदाबाद में कुछ और जगहों पर वोटिंग में रूकावट पैदा करने जैसी खबरें हैं। इसी में से एक रानीनगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 54 पर तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ वोटिंग में रूकावट पैदा करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि वे मतदाताओं को बूथ तक नहीं जाने दे रहे हैं।

वहीं, समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार मुर्शिदाबाद में कल हुई कथित देसी बम घटना के पीड़ितों में से एक ने बताया, ‘मैं कल रात लगभग 8 बजे नमाज पढ़ने के लिए बाहर निकला था… मैं खड़ा था… दो लड़के आए और मेरे पैर के पास बम फेंक दिया। यह हुमायूं कबीर की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया है।’

डोमकल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर गांव में कई लोगों ने दावा किया कि सुबह से ही हथियार लिए कुछ लोग इलाके में मौजूद हैं, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।

बंगाल में कई जगहों पर वोटिंग के लिए लंबी कतारें

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में 18.76 प्रतिशत और तमिलनाडु में 17.69 प्रतिशत मतदान हुआ।

आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे तक पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सबसे अधिक 20.51 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसके अलावा, बंकुरा में 20.20 और झारग्राम जिले में 19.54 प्रतिशत वोट पड़े। मालदा में सबसे कम 16.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों के लिए मतदान चल रहा है। कई मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी हुई हैं। जिन 16 जिलों में गुरुवार को पहले चरण का मतदान हो रहा है, उनमें उत्तरी बंगाल के कूचबिहार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा व दक्षिणी बंगाल के मुर्शिदाबाद, पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिमी मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल में शेष 142 विधानसभा सीटों के लिए मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर आज हो रही वोटिंग, तमिलनाडु में भी मतदान; 10 बड़ी बातें

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular