Thursday, April 23, 2026
Homeभारतपश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर आज हो रही...

पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर आज हो रही वोटिंग, तमिलनाडु में भी मतदान; 10 बड़ी बातें

पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होना है। आज पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों के लिए वोटिंग की जा रही है। तमिलनाडु में एक चरण में सभी 234 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।

Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे से कई विधानसभा क्षेत्रों में हो रहा है। चुनाव आयोग ने बताया है कि दोनों राज्यों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। तमिलनाडु में राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर आज एक ही चरण में मतदान है।

पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान होना है। आज पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों के लिए वोटिंग की जा रही है। पश्चिम बंगाल में जहां ममता बनर्जी की साख दांव पर है, वहीं तमिलनाडु में एमके स्टालिन के सामने सत्ता में बने रहने की चुनौती है। बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस 15 सालों से सत्ता पर काबिज है।

बंगाल, तमिलनाडु में मतदान, 10 बड़ी बातें

  1. बंगाल में कितने उम्मीदवार: बंगाल में पहले चरण में होने वाले इन 152 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 1,311 है, जबकि महिला उम्मीदवारों की संख्या 167 है।
  2. कहां सबसे ज्यादा उम्मीदवार: बंगाल की बात करें तो कूच बिहार जिले के कूच बिहार (दक्षिण) और उत्तर दिनाजपुर जिले के करंदीघी और इटाहार विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 15-15 उम्मीदवार हैं। वहीं पश्चिम मिदनापुर जिले के चंद्रकोना विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं।
  3. बंगाल में इन जिलों में मतदान: बंगाल में पहले चरण में जहां मतदान होने हैं, उनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन और जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं। इनमें मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की 9, जलपाईगुड़ी की 7, अलीपुरद्वार की 5, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की 5, उत्तर दिनाजपुर की 9, दक्षिण दिनाजपुर की 6, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम ब‌र्द्धमान की 9, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झारग्राम की 4, पुरुलिया की 9 और बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।
  4. बंगाल में ये बड़े उम्मीदवार: पहले चरण में चुनाव लड़ने वाले प्रमुख तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों में सिलीगुड़ी से गौतम देब, दिनहाटा से उदयन गुहा, कोलकाता पोर्ट क्षेत्र से फिरहाद हकीम और नंदीग्राम से पबित्रा कर शामिल हैं। भाजपा की ओर से सुवेंदु अधिकारी अपने गढ़ नंदीग्राम से चुनाव लड़ रहे हैं। वे भाबनीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी चुनौती दे रहे हैं, जहां दूसरे चरण में मतदान होगा। भाजपा के प्रमुख उम्मीदवारों में माथाभंगा से केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक और खड़गपुर सदर से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष शामिल हैं।
  5. कितने मतदाता: बंगाल में पहले चरण में जिन 152 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं, वहां मतदाताओं की कुल संख्या 3,60,77,171 है। यह इन 152 विधानसभा क्षेत्रों की कुल जनसंख्या 5,40,09,620 का लगभग 67 प्रतिशत है। इन मतदाताओं में 1,84,99,496 पुरुष और 1,75,77,210 महिला हैं। 475 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
  6. सुरक्षा के इंतजाम: बंगाल में मतदान के दिन सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण इन 16 जिलों में से सात जिले भारतीय निर्वाचन आयोग की विशेष निगरानी में हैं। 152 विधानसभा क्षेत्रों में से 103 सामान्य वर्ग के हैं, जबकि 34 अनुसूचित जाति और 15 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। बंगाल में चुनाव के दौरान सुरक्षा के लिए 2,407 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें 2.4 लाख से अधिक कर्मी शामिल हैं।
  7. बंगाल में ममता की परीक्षा: 2011 में 35 साल के सीपीएम शासन को उखाड़ फेंकने के बाद से लगातार तीन कार्यकाल जीतने वाली ममता बनर्जी के लिए यह अब तक का सबसे कठिन चुनाव साबित हो सकता है। हालांकि, 2021 में भी उन्हें इसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा था। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने तब 215 सीटें जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। भाजपा ने 77 सीटें जीती थीं।
  8. तमिलनाडु में 234 सीटों पर मतदान: तमिलनाडु की बात करें तो राज्य में सभी सीटों पर एक चरण में ही चुनाव संपन्न कराया जाना है। राज्य में इस बार 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में कुल 5.73 करोड़ मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों की किस्मत लिखेंगे।
  9. विजय की पार्टी पर होगी नजर: तमिलनाडु में इस बार चुनाव में सबकी निगाहें अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके पर टिकी हैं, क्योंकि कई सीटों पर उनको लोगों का काफी समर्थन मिल रहा है, इसलिए चुनाव में उनकी भूमिका काफी अहम हो सकती है। विजय खुद दो सीटों- तिरुचिरापल्ली और पेरंबुर से चुनावी मैदान में हैं।
  10. कौन कितनी सीटों पर: सत्तारूढ डीएमके 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और उसके सहयोगी 70 सीटों पर चुनावी मैदान में हैं। वहीं एआईएडीएमके 169 सीटों पर और उसके सहयोगी 65 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) सभी सीटों से चुनाव लड़ रही है।

यह भी पढ़ें- मल्लिकार्जुन खड़गे की बढ़ी मुश्किलें, पीएम मोदी पर टिप्पणी मामले में चुनाव आयोग ने 24 घंटे में मांगा जवाब

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular