Home भारत बंगाल में मतदान के बाद भी तैनात रहेंगी CAPF की 700 टुकड़ियां,...

बंगाल में मतदान के बाद भी तैनात रहेंगी CAPF की 700 टुकड़ियां, चुनाव आयोग का आदेश

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए वोटिंग 29 अप्रैल को शाम 6 बजे संपन्न हुई। इस दौरान शाम 6 बजे तक करीब 90 फीसदी वोटिंग हुई। राज्य में एसआईआर प्रक्रिया के बीच सीएपीएफ की 2,400 टुकड़ियां तैनात की गईं थीं।

west bengal 700 capf companies to remain in state after voting, पश्चिम बंगाल, सीएपीएफ
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

कोलकाताः पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बाद भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 700 टुकड़ियां तैनात रहेंगीं। चुनाव आयोग ने बुधवार (29 अप्रैल) को इसकी जानकारी दी। गौरतलब है कि 29 अप्रैल को राज्य की 142 विधानसभा सीटों के लिए मतदान संपन्न हुआ।

चुनाव आयोग के अधिकारी ने कहा कि केंद्रीय बलों की निरंतर उपस्थिति का उद्देश्य शांति बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के बाद की अवधि में कोई अप्रिय घटना न हो।

CAPF की तैनाती पर चुनाव आयोग ने क्या कहा?

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग समाप्त होने के बाद यह बयान चुनाव आयोग की तरफ से आया। शाम 6 बजे तक हुई वोटिंग में करीब 90 फीसदी वोटिंग हुई।

अधिकारी के मुताबिक, “चुनाव आयोग द्वारा 19 मार्च को जारी तैनाती योजना के अनुसार आज मतदान समाप्त होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए CAPF की 700 कंपनियां अगले आदेश तक राज्य में तैनात रहेंगी।”

यह भी पढ़ें – बंगाल में ममता को बड़ा झटका? केरलम में बढ़त की ओर यूडीएफ, तमिलनाडु और असम में किसके सिर पर होगा ताज?

उन्होंने आगे कहा, “ये बल संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहेंगे और राज्य प्रशासन को सामान्य स्थिति बनाए रखने में सहायता करेंगे।”

SIR के दौरान तैनात की गईं थीं 2,400 टुकड़ियां

विशेष मतदाता सूची (SIR) पर्यवेक्षक सुब्रता गुप्ता के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान राज्य में CAPF की 2,400 कंपनियां तैनात की गई थीं। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बात करते हुए गुप्ता ने पहले बताया था कि कुछ टुकड़ियों के पास बॉडी कैमरे थे।

निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार सीएपीएफ कर्मियों द्वारा स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जा रही थी। इसके साथ ही प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध होगी।

यह भी पढ़ें – Exit Poll: फिर एक बार ममता सरकार? किस एग्जिट पोल ने तृणमूल को बहुमत मिलने का जताया अनुमान

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार (29 अप्रैल) को कहा था कि चुनाव खत्म होने के 60 दिनों बाद तक केंद्रीय बल राज्य में तैनात रहेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, तैनाती की अवधि और पैमाने के बारे में आगे के फैसले जमीनी आकलन और सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर किए जाएंगे।

गौरतलब है कि राज्य की 294 विधानसभा सीटों की मतगणना 4 मई को की जाएगी। इससे पहले 29 अप्रैल शाम को घोषित एग्जिट पोल्स में से कुछ जहां भाजपा की बढ़त बता रहे हैं तो वहीं कुछ एग्जिट पोल्स में सत्तारूढ़ टीएमसी की वापसी के संकेत दिख रहे हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि राज्य में फिर से ममता की वापसी होती है या भाजपा सत्ता की कुर्सी का स्वाद चखेगी।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version