Home विश्व UFO Files: F-16 लड़ाकू विमान ने जब रहस्यमयी यूएफओ को मार गिराया!...

UFO Files: F-16 लड़ाकू विमान ने जब रहस्यमयी यूएफओ को मार गिराया! देखें वीडियो

यह वीडियो उन 222 फाइलों में शामिल है जिन्हें शुक्रवार को सार्वजनिक किया गया। इससे पहले 8 मई को 161 फाइलें जारी की गई थीं। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के तहत उठाया गया है।

UFO Files (Representative image)
प्रतीकात्मक तस्वीर (AI)

न्यूयॉर्क: पेंटागन की ओर से जारी UFO से जुड़े एक वीडियो में कथित तौर पर फरवरी 2023 में अमेरिका के एक लड़ाकू विमान द्वारा मिशिगन की लेक ह्यूरॉन के ऊपर एक यूएफओ को मार गिराते हुए दिखाया गया है। यह वीडियो यूएफओ से जुड़े उन गोपनीय दस्तावेजों के नए बैच का हिस्सा है जिन्हें अमेरिकी सरकार ने सार्वजनिक किया है।

रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को जारी किए गए डिक्लासिफाइड रिकॉर्ड के दूसरे सेट में इस इन्फ्रारेड वीडियो में एक F-16 लड़ाकू विमान को एक अज्ञात वस्तु पर वार करते हुए देखा जा सकता है।

पेंटागन के ऑल-डोमेन एनोमली रिजॉल्यूशन ऑफिस (AARO) द्वारा जारी विवरण के मुताबिक फुटेज में ‘कॉन्ट्रास्ट वाले दो अलग-अलग क्षेत्रों के बीच काइनेटिक इंटरैक्शन’ दिखाई देता है। इसके बाद वो चीज रेडियल डिस्प्लेसमेंट पैटर्न में बिखरती नजर आती है। भौतिकी या रक्षा, सैन्य, एयरस्पेस आदि के क्षेत्र में काइनेटिक इंटरैक्शन वो शब्द है जिसमें कोई चीज दूसरी चीज से तेज गति से टकराती है, उसे मारती है, धक्का देती है या उससे संपर्क करके उसे नुकसान पहुंचाती है।

डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर जारी हो रही हैं फाइलें

यह वीडियो उन 222 फाइलों में शामिल है जिन्हें शुक्रवार को सार्वजनिक किया गया। इससे पहले 8 मई को 161 फाइलें जारी की गई थीं। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के तहत उठाया गया।

इन रिकॉर्ड्स में दस्तावेज, तस्वीरें, ऑडियो रिकॉर्डिंग और 51 वीडियो शामिल हैं, जो अमेरिकी सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से अनआइडेंटिफाइड एनॉमलस फिनोमेना (UAP) कहे जाने वाले मामलों से जुड़े हैं।

हालांकि, पेंटागन ने वीडियो और फाइलों को लेकर यह भी कहा है कि जारी की गई कई सामग्रियों को लेकर विश्वसनीय ‘चेन ऑफ कस्टडी’ उपलब्ध नहीं है। यानी यह पूरी तरह सत्यापित नहीं किया जा सकता कि फाइलों को संग्रहित किए जाने से पहले किस तरह संभाला गया था।

नए जारी अधिकांश वीडियो अमेरिकी सैन्य प्रणालियों द्वारा 2018 से 2023 के बीच रिकॉर्ड किए गए धुंधले इन्फ्रारेड फुटेज हैं।

इस खुलासे में सैन्य ठिकानों के पास देखे गए ‘हरे रंग के गोले’, ‘डिस्क’ और ‘आग के गोले’ जैसी घटनाओं की रिपोर्ट भी शामिल हैं, जिनका रिकॉर्ड 1940 के दशक के अंत तक जाता है। इसके अलावा एक वरिष्ठ अमेरिकी खुफिया अधिकारी का बयान भी शामिल है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि 2025 में हेलीकॉप्टर मिशन के दौरान उन्होंने हर दिशा में उड़ते हुए अनगिनत नारंगी रंग के गोले देखे थे।

अमेरिकी रक्षा मंत्री Pete Hegseth ने कहा कि इन फाइलों ने लंबे समय से लोगों के बीच कई तरह की अटकलों को जन्म दिया था। उन्होंने कहा, ‘अब समय आ गया है कि अमेरिकी लोग इसे खुद देखें।’

यह भी पढ़ें- ‘इको-एंग्जायटी’ क्या है? बढ़ती गर्मी और जलवायु संकट नई पीढ़ी के मन पर कैसे डाल रहे असर

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version