Home विश्व तुर्की के स्कूल में फिर हुई गोलीबारी, शिक्षिका समेत 4 की मौत;...

तुर्की के स्कूल में फिर हुई गोलीबारी, शिक्षिका समेत 4 की मौत; 20 घायल

तुर्की के एक स्कूल में गोलीबारी हुई है। इस घटना में एक शिक्षिका और तीन छात्रों की मौत हो गई है। ऐसी ही घटना मंगलवार को भी हुई थी।

TURKEY SCHOOL SHOOTING 4 DEAD INCLUDING FEMALE TEACHER 2ND INCIDENT IN 24 HOUR, तुर्की
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

अंकाराः तुर्की के एक स्कूल में बुधवार (15 अप्रैल) को एक बार फिर से गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में शिक्षिका समेत चार लोगों की मौत हो गई और 20 गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना कहरामनमारास के आयसर कालीक सेकेंडरी स्कूल में हुई। इससे पहले मंगलवार (14 अप्रैल) को भी ऐसी ही घटना हुई थी जिसमें 16 बच्चे घायल हुए थे।

महज 24 घंटे के भीतर देश के स्कूल में यह दूसरी वारदात है। प्रांत के गवर्नर मुकर्रम उनलुअर को घटनास्थल पर मौजूद पत्रकारों को इस घटना के बारे में बताते हुए देखा गया। उन्होंने बताया कि हमलावर अपने बैकपैक में हथियार लेकर स्कूल आया था और हथियार उसके पिता का था।

शिक्षिका समेत चार की मौत

स्थानीय मीडिया ने उनलुअर के हवाले से बताया कि मारे गए लोगों में एक शिक्षिका भी शामिल है। गवर्नर ने बताया कि हमलावर की भी मौत हो गई। हमले का मकसद स्पष्ट नहीं हुआ है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

तुर्की मीडिया ने बताया कि हमलावर दो कक्षाओं में घुसा था और उसके पास पांच बंदूकें और सात मैगजीन थीं। तुर्की के ब्रॉडकास्टर एनटीवी के एक रिपोर्टर ने कहा, “गोलियों की आवाज बहुत तेज थी,” जिससे “स्कूल के सामने अफरा-तफरी मची हुई थी।”

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की प्रारंभिक सूचना मिलते ही आपातकालीन चिकित्सा दल और एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। अधिकारियों ने कहा है कि हमलावर की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बचाव कार्य जारी रहने के दौरान सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और सुरक्षित कर लिया है।

तुर्की में मंगलवार को भी हुई थी घटना

इससे पहले मंगलवार (14 अप्रैल) को भी तुर्की के एक स्कूल में ऐसी ही घटना हुई थी। इसमें एक शख्स दनदनाता हुआ स्कूल में प्रवेश करता और गोलियां चलाता दिखाई दिया था।

यह वारदात दक्षिण-पूर्वी तुर्की स्थित हाई स्कूल की थी। इसमें एक पूर्व छात्र ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया जिसमें 16 लोग घायल हो गए थे। स्थानीय गवर्नर हसन शिलडक ने बताया था कि हमलावर की उम्र 18-19 साल के आसपास थी। उससे पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए कहा था। उससे पहले उसने शॉटगन से अंधाधुंध गोलीबारी की और फिर उसी हथियार से खुद को मार डाला था। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों में 10 छात्र, चार शिक्षक, एक कैंटीन कर्मचारी और एक पुलिस अधिकारी शामिल थे।

घटना सिवेरेक जिले के अहमत कोयंकु वोकेशनल एंड टेक्निकल एनाटोलियन हाई स्कूल में स्थानीय समय के अनुसार सुबह लगभग 09:30 बजे हुई थी। इसके बाद स्कूल को खाली करा लिया गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। बाद में इनमें से पांच को आगे के इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें – ईरान पर फिर शिकंजा कसेगा अमेरिका, आगे नहीं बढ़ेगी तेल निर्यात पर मिली छूट

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version