Home भारत TMC नेता अभिषेक बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें, चुनाव के दौरान ‘भड़काऊ’ टिप्पणियों...

TMC नेता अभिषेक बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें, चुनाव के दौरान ‘भड़काऊ’ टिप्पणियों पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

tmc-leader-abhishek-banerjee faced fir filed by west bengal police, अभिषेक बनर्जी
फोटोः आईएएनएस

कोलकाताः पश्चिम बंगाल पुलिस तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस द्वारा टीएमसी महासचिव बनर्जी के खिलाफ की गई कार्रवाई चुनाव के दौरान की गई कथित ‘भड़काऊ’ टिप्पणियों के चलते की गई।

यह एफआईआर विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई। 5 मई को उत्तर 24 परगना जिले के बागूइयाटी पुलिस स्टेशन में राजीव सरकार ने शिकायत दर्ज कराई थी।

अभिषेक बनर्जी पर हुई एफआईआर के बारे में पुलिस ने क्या कहा?

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा कि शिकायतकर्ता ने टीएमसी सांसद पर चुनाव के बाद हुई हिंसा और मतगणना प्रक्रिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि बनर्जी की भड़काऊ टिप्पणियां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ी हुई हैं।

अधिकारी ने बताया कि “शिकायत दर्ज होने के बाद उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए, 15 मई को बिधाननगर पुलिस आयुक्त कार्यालय के अंतर्गत साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज की गई।” उन्होंने आगे कहा कि मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें – आंध्र प्रदेशः परिवार में तीसरे बच्चे के जन्म पर 30 और चौथे बच्चे पर मिलेंगे 40 हजार रुपये, सीएम चंद्रबाबू नायडू की घोषणा

शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने बनर्जी पर 27 अप्रैल से 3 मई के बीच चुनाव संबंधी कई कार्यक्रमों में भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया है।

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “शिकायतकर्ता का आरोप है कि सार्वजनिक सभाओं के दौरान की गई कुछ टिप्पणियां उत्तेजक प्रकृति की थीं और उनसे सार्वजनिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ने की आशंका थी। जांच के तहत इन टिप्पणियों की सामग्री की जांच की जा रही है।”

पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत

गौरतलब है कि राज्य में बीते महीने विधानसभा के चुनाव संपन्न हुए। 294 विधानसभा सीटों के लिए 22 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था। चुनाव में टीएमसी और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा था। इस दौरान टीएमसी महाचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने टिप्पणियां की थीं। अभिषेक की इन टिप्पणियों पर सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार ने शिकायत दर्ज कराई थी।

abhishek-banerjee-2025-08-04-21-59-30-1, अभिषेक बनर्जी
फोटोः आईएएनएस

राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए 4 मई को नतीजे जारी किए गए। एक सीट फाल्टा पर चुनाव रद्द कर दिया गया था और यहां चुनाव 21 मई को दोबारा से होगा। इसके नतीजे 24 मई को जारी किए जाएंगे। 4 मई को जारी नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 207 सीटों पर सफलता हासिल की। वहीं, 2011 से राज्य की सत्ता पर काबिज टीएमसी को महज 80 सीटें ही मिल पाईं।

भारतीय जनता पार्टी पहली बार राज्य में सरकार बनाने में सफल रही। इससे पहले 2016 विधानसभा चुनाव में भाजपा को सिर्फ 3 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, 2021 के चुनाव में पार्टी को 77 सीटों पर जीत हासिल हुई। राज्य में पहली बार सत्ता में आने के बाद सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाया गया।

इससे पहले वह नेता प्रतिपक्ष थे। इस दौरान उन्होंने लगातार ममता सरकार के खिलाफ हमला बोला और रेप, महिला सुरक्षा और अन्य मुद्दों पर मुखरता से बोलते रहे।

यह भी पढ़ें – सुपर अल नीनो हो रहा एक्टिव! भारत में कौन-कौन से इलाके सबसे ज्यादा खतरे में? सर्दियों तक दिखेगा असर


author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version