Home भारत Tarn Taran bypoll: तरनतारन उपचुनाव में AAP की बड़ी जीत, हरमीत सिंह...

Tarn Taran bypoll: तरनतारन उपचुनाव में AAP की बड़ी जीत, हरमीत सिंह ने शिअद के सुखविंदर कौर को दी 12,091 से शिकस्त

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने जीत के लिए अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व को श्रेय दिया और कहा कि तरनतारनके लोगों से किए गए हर वादे को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी।

0
Tarn Taran bypoll, Tarn Taran bypoll result, aam admi party, AAP,

Tarn Taran bypoll: पंजाब के तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने बड़ी जीत दर्ज की है। आप उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की प्रत्याशी सुखविंदर कौर को करारी शिकस्त दी। इस जीत के बाद आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है।

हरमीत सिंह संधू ने 12,091 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। संधू पहले शिओमणि अकाली दल में थे और तीन बार विधायक रह चुके हैं। उनके सामने शिअद की उम्मीदवार और आजाद समूह की नेता सुखविंदर कौर 30,558 वोट ही जुटा सकीं, जबकि संधू को 42,649 वोट मिले।

कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। कांग्रेस के करनबीर सिंह को यहां से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। वह 27,571 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए। भाजपा उम्मीदवार हरजीत सिंह संधू केवल 6,239 वोट ही हासिल कर पाए। कुल 15 उम्मीदवारों ने इस उपचुनाव में किस्मत आजमाई थी।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इसे जनता के भरोसे और काम आधारित राजनीति की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह नतीजा साफ संकेत देता है कि पंजाब के वोटर प्रभावी शासन और जमीन पर नजर आने वाले बदलाव को प्राथमिकता दे रहे हैं।

मान ने केजरीवाल के नेतृत्व को दिया श्रेय

भगवंत मान ने जीत के लिए अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व को श्रेय दिया और कहा कि तरनतारनके लोगों से किए गए हर वादे को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, “तरनतारन उपचुनाव की शानदार जीत ने साबित कर दिया कि पंजाब के लोग काम की राजनीति को पसंद करते हैं। केजरीवाल जी के नेतृत्व में पार्टी लगातार जीत का परचम लहरा रही है। यह जीत जनता और मेहनती कार्यकर्ताओं की जीत है। उपचुनाव में किए गए हर वादे को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।”

वहीं, आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी जीत को जनता की स्वीकारोक्ति बताया। उन्होंने लिखा, “तरणतारण उपचुनाव की ऐतिहासिक जीत ने दिखा दिया कि पंजाब के लोग काम की राजनीति और भगवंत मान की ईमानदार नेतृत्व को पसंद करते हैं। पंजाब ने एक बार फिर आप पर विश्वास जताया है।”

आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता चंडीगढ़ में पार्टी ऑफिस पहुंचे। इन नेताओं में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया भी शामिल थे। उन्होंने उपचुनाव के नतीजों पर कहा कि मैं तरनतारन में ‘आप’ के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की कड़ी मेहनत के लिए उन्हें बधाई देना चाहता हूं।

सिसोदिया ने आगे कहा कि तरन तारन सीट पर ‘आप’ की जीत मेरे लिए, अरविंद केजरीवाल के लिए और पार्टी के लिए व्यक्तिगत रूप से एक बड़ी उपलब्धि है। अगर गौर से देखें तो पंजाब की जनता ने एक बार फिर अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा को नकार दिया है।

यह सीट जून में आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। इस बार देशभर में छह राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की कुल आठ सीटों पर उपचुनाव हुआ।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version