Home भारत Bihar Result: जेल में बंद अनंत सिंह ने मोकामा से हासिल की...

Bihar Result: जेल में बंद अनंत सिंह ने मोकामा से हासिल की जीत, वीणा देवी को 28 हजार से वोटों से हराया

बिहार विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने जीत हासिल की है। फिलहाल दुलारचंद यादव के बाद वह 14 दिन की हिरासत में हैं।

BIHAR ELECTION RESULT JDU MOKAMA CANDIDATE ANANT SINGH DEFEATED VEENA DEVI OVER 28000 VOTES
मोकामा से अनंत सिंह ने दर्ज की जीत, फोटोः आईएएनएस

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नतीजे आना शुरू हो गए हैं। जनता दल यूनाइटेड के मोकामा से उम्मीदवार अनंत सिंह ने जीत दर्ज की है। फिलहाल वह जेल में हैं। अनंत सिंह ने राजद प्रत्याशी वीणा देवी को 28,206 वोटों से हराया है।

मोकामा में जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इसके बाद अनंत सिंह का नाम एफआईआर में आया और 14 दिन की हिरासत में भेजा गया था।

राजद प्रत्याशी वीणा देवी को हराया

चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, मोकामा सीट पर जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को 91,146 वोट मिले हैं। जबकि राजद प्रत्याशी वीणा देवी को 63,210 वोट मिले हैं। वहीं, जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी इस सीट पर तीसरे स्थान पर रहे हैं। प्रियदर्शी को 19,365 वोट मिले हैं।

वीणा देवी, अनंत सिंह के विरोधी सूरजभान सिंह की पत्नी हैं। जेल में बंद जेडीयू नेता ने मोकामा सीट पर पांचवी बार जीत दर्ज की है। इस सीट पर पहली बार अनंत सिंह ने नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से 2005 में जीत दर्ज की थी। वहीं, उन्होंने 2010 में अपनी सीट जीती थी। हालांकि पांच साल बाद जदयू छोड़ दी।

यह भी पढ़ें – ‘कट्टा सरकार’ का डर और महिलाओं के खाते में 10 हजार ने लिखी NDA की जीत की कहानी! कहां चूक गया महागठबंधन

2015 के चुनाव में अनंत सिंह ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इस दौरान अनंत सिंह ने जदयू प्रत्याशी को हराया था। 2020 के विधानसभा चुनाव में सिंह ने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

हालांकि, सिंह के खिलाफ 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इसलिए उन्हें अपनी सीट 2022 में छोड़नी पड़ी। इस सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी राजद से उतरीं और मोकामा सीट परिवार की झोली में डाल दी।

2 नवंबर को हुई गिरफ्तारी

इसी महीने 2 नवंबर को दुलारचंद यादव की हत्या मामले में अनंत सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सिंह के लिए वोट मांगने जदयू नेता ललन सिंह और पार्टी के अन्य पदाधिकारी पहुंचे थे।

अनंत सिंह चुनाव प्रचार के दौरान अपने बयानों के लिए काफी प्रचलित रहे। अलग-अलग चैनलों पर दिए गए इंटरव्यू में उनके बयानों की क्लिपें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुईं।

मोकामा सीट बीते 20 सालों से अनंत सिंह के परिवार का गढ़ रही है। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को भारी बहुमत मिला है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी को साढ़े 4 बजे तक 91 सीटों पर बढ़त हासिल है। वहीं, जेडीयू को 27 और लोक जनशक्ति पार्टी को 19 सीटों पर बढ़त हासिल है।

यह भी पढ़ें – Bihar Result: ओवैसी की AIMIM और मायावती की BSP से भी पिछड़ी प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी?

महागठबंधन में राजद सिर्फ 27 सीटों पर आगे है। वहीं, सहयोगी कांग्रेस को पांच सीट पर बढ़त हासिल है। इस बीच एआईएमआईएम भी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, मायावती की बहुजन समाज पार्टी को भी एक सीट पर बढ़त हासिल है।

राज्य विधानसभा चुनाव में अपने को तीसरे फ्रंट के रूप में प्रस्तुत कर रहे प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को किसी भी सीट पर बढ़त नहीं मिली।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version