Homeभारततमिलनाडुः विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, वेणुगोपाल बोले- कांग्रेस...

तमिलनाडुः विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, वेणुगोपाल बोले- कांग्रेस से समर्थन की मांग की

तमिलनाडु में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद टीवीके ने राज्यपाल से संपर्क किया है और सरकार बनाने के लिए दो हफ्ते का समय मांगा है।

चेन्नईः अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने विधानसभा चुनावों में बंपर जीत दर्ज कर चौंका दिया है। पार्टी ने 108 सीटों पर जीत कर तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। हालांकि पार्टी के पास बहुमत से सरकार बनाने के लिए 10 सीटें कम हैं। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि विजय ने कांग्रेस पार्टी से समर्थन की मांग की है।

गौरतलब है कि राज्य में कुल 234 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए 118 सीटें आवश्यक हैं। हालांकि, विजय की पार्टी बहुमत से 10 सीट पीछे है।

विजय ने राज्यपाल से किया संपर्क

इस बीच चुनाव में अपने मजबूत प्रदर्शन के आधार पर विजय की पार्टी टीवीके ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से संपर्क किया और सरकार बनाने के अपने अधिकार का दावा पेश किया है। पार्टी ने सदन में अपना बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। इस घटनाक्रम ने संभावित गठबंधनों को लेकर अटकलों को हवा दी है कि पार्टी किसके साथ गठबंधन करेगी?

अब ध्यान इस बात पर केंद्रित हो गया है कि कौन सी पार्टी या निर्दलीय उम्मीदवार विजय की पार्टी को समर्थन दे सकते हैं, जिससे वह एक स्थिर सरकार बना सके।

टीवीके ने चौंकाने वाला प्रदर्शन किया है क्योंकि पार्टी पहली बार चुनावी मैदान में उतरी थी। पहली ही बार में सत्ता तक पहुंचने का प्रदर्शन विजय की लोकप्रियता को दर्शाता है। इसके साथ ही राज्य ने दो दलीय व्यवस्था को भी चुनौती दी है। टीवीके के दमदार प्रदर्शन के चलते मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी अपनी सीट नहीं बचा सके। वह कोलाथुर सीट से चुनावी मैदान में थे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

हालांकि, स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने चेपॉक सीट से जीत दर्ज की।

Male speaker with hands pressed together above head, addressing an audience into a microphone while wearing a white shirt, तमिलनाडु, टीवीके, विजय
फोटो समाचार एजेंसी आईएएनएस

कांग्रेस मदद के लिए तैयार!

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने तमिलनाडु के राजनैतिक भविष्य को लेकर कहा कि टीवीके प्रमुख ने राज्य में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन की मांग की है।

इस बीच कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडंकर ने कहा कि चुनाव परिणाम जनता की बदलाव की स्पष्ट इच्छा को दर्शाता है।

मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान चोडंकर ने कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया है। विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में टीवीके का समर्थन किया है। हम जनता के फैसले का सम्मान करते हैं।

चोडंकर ने आगे कहा कि तमिलनाडु चुनाव परिणामों पर एक विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व को सौंप दी गई है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल हैं।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि स्थिति की मांग हुई तो कई कांग्रेस नेता समर्थन देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, “टीवीके द्वारा अपने विधायक दल के नेता का चुनाव हो जाने के बाद वे हमसे संपर्क कर सकते हैं। किसी को भी टीवीके को कम नहीं आंकना चाहिए।”

ऐसे में राज्य में अब नजरें राज्यपाल की ओर हैं कि वह किसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसके अलावा नतीजों के बाद वाले गठबंधन पर भी सभी की नजरें टिकी हैं क्योंकि स्थायी सरकार बनाने के लिए किसी न किसी पार्टी के साथ गठबंधन करना जरूरी है।

4 मई को घोषित नतीजों में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की। डीएमके ने 59 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं। वहीं कांग्रेस को 5 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इसके अलावा पट्टली मक्कल काटची को 4 सीटें और आईयूएमएल तथा सीपीआई को 2-2 सीटें मिली हैं।

अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here