Homeभारत'संसद मार्च को सफल बनाएं', सोनम वांगचुक की समर्थकों से अपील; पत्नी...

‘संसद मार्च को सफल बनाएं’, सोनम वांगचुक की समर्थकों से अपील; पत्नी गीतांजलि ने दिल्ली हाई कोर्ट का किया रुख

सफदरजंग अस्पताल ने एक स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा कि ” उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मापदंड फिलहाल स्थिर हैं। हालांकि उनके रक्त मापदंड में मामूली बदलाव आया है और लंबे समय तक उपवास के शारीरिक तनाव और प्रणालीगत प्रभावों को देखते हुए उन्हें विशेषज्ञों की एक बहु-विषयक टीम की कड़ी निगरानी में निरंतर चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता है। “

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय से चल रही भूख हड़ताल की जगह से हटाए जाने के बाद सोनम वांगचुक ने अस्पताल से पहला संदेश भेजा है। समर्थकों को भेजे अपने संदेश में सोनम वांगचुक ने अस्पताल में भर्ती किए जाने को “गैर-कानूनी हिरासत” बताया है। इसके साथ ही उन्होंने समर्थकों से सोमवार, 20 जुलाई को संसद तक ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रस्तावित मार्च को सफल बनाने की अपील की और संगठन के चल रहे अभियान को ” भारत का दूसरा स्वतंत्रता आंदोलन ” करार दिया। वहीं, उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो ने सफदरजंग अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठाते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है और वांगचुक को निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की है।

वांगचुक का यह संदेश रविवार (19 जुलाई) को सामने आया जब बीते शनिवार (18 जुलाई) को दिल्ली पुलिस उनकी भूख हड़ताल के 21वें दिन जबरदस्ती सफदरजंग अस्पताल ले गई थी।

सोनम वांगचुक ने संसद मार्च को सफल बनाने की अपील की

सोनम वांगचुक ने एक्स पर एक पोस्ट की है। इस पोस्ट में उन्होंने 20 जुलाई के संसद मार्च को आजादी का दूसरा आंदोलन बताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा “20th JULY

आज़ादी का दूसरा आन्दोलन
भय मुक्त भारत, अन्याय मुक्त भारत

Freedom from injustice (Like paper leaks)
Freedom from Fear (my illegal detention)

India’s 2nd FREEDOM MOVEMENT
March to the Parliament
Please make it a big success”

उन्होंने “डर-मुक्त” और “अन्याय-मुक्त” भारत की भी मांग की। 59 वर्षीय वांगचुक ने अपनी पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो के जरिए यह संदेश पहुंचाया। यह संदेश कागज के एक मुड़े-तुड़े टुकड़े पर लिखा गया था जिसकी तस्वीर वांगचुक के X हैंडल पर पोस्ट की गई थी।

पेपर लीक जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए – जो उनकी भूख हड़ताल और CJP के व्यापक विरोध का मुख्य कारण हैं – उन्होंने “अन्याय से आजादी” की जरूरत पर जोर दिया।

सफदरजंग अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट

इस बीच रविवार को सफदरजंग अस्पताल ने सोनम वांगचुक का हेल्थ अपडेट जारी किया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि वांगचुक को आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जा रही है और विशेषज्ञों की एक टीम उनकी स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है।

एक स्वास्थ्य बुलेटिन में अस्पताल ने कहा कि ” उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मापदंड फिलहाल स्थिर हैं। हालांकि उनके रक्त मापदंड में मामूली बदलाव आया है और लंबे समय तक उपवास के शारीरिक तनाव और प्रणालीगत प्रभावों को देखते हुए उन्हें विशेषज्ञों की एक बहु-विषयक टीम की कड़ी निगरानी में निरंतर चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता है। “

वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने दिल्ली हाई कोर्ट का किया रुख

सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर पर धरनास्थल से अचानक दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किए जाने के खिलाफ उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने सफदरजंग अस्पताल पर प्रश्न उठाते हुए दिल्ली हाईकोर्ट से याचिका पर तुरंत सुनवाई की अपील की।

गीतांजलि अंगमो ने पति सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से किसी निजी अस्पताल में रेफर करने की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। गीतांजलि ने कहा कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है।

उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि ” शनिवार को मनमाने ढंग से और मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करते हुए पुलिस ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर पर विरोध स्थल से उनकी सहमति के बिना जबरन हटा दिया और उन्हें सफदरजंग अस्पताल पहुंचा दिया। पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश का अनुचित और गलत लाभ उठाया। “

याचिका में कहा गया कि ” विरोध स्थल से हटाए जाने के समय सोनम वांगचुक के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर स्थिर थे और वे विरोध स्थल पर योग्य डॉक्टरों की देखरेख में थे। ऐसी अचानक और जबरन कार्रवाई की जरूरत वाली कोई चिकित्सा आपात स्थिति या अन्य परिस्थिति मौजूद नहीं थी। जबरन हटाया जाना न तो चिकित्सकीय रूप से आवश्यक था और न ही कानूनी रूप से उचित था। यह सोनम वांगचुक के मौलिक अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है। “

यह भी पढ़ें – सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद अभिजीत दिपके ने शुरू किया आमरण अनशन, विपक्ष ने क्या कहा?

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular