Homeभारत'मैं वापस आऊंगी': शेख हसीना ने बांग्लादेश वापसी के लिए तय की...

‘मैं वापस आऊंगी’: शेख हसीना ने बांग्लादेश वापसी के लिए तय की समय-सीमा

शेख हसीना ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ आया फैसला उनकी पार्टी अवामी लीग को “नेता-विहीन” बनाने की कोशिश थी लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें कामयाब नहीं होंगी।

नई दिल्ली: बांग्लादेश से निष्कासन और भारत में शरण लेने के लगभग दो साल बाद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने वापसी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि वह “इस साल” वापस जाएंगी।

NDTV को दिए एक इंटरव्यू में हसीना ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ आया फैसला उनकी पार्टी अवामी लीग को “नेता-विहीन” बनाने की कोशिश थी लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें कामयाब नहीं होंगी। बता दें कि बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने पिछले साल नवंबर में हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी पाया और उन्हें मौत की सजा सुनाई।

मौत से डर नहीं लगता: शेख हसीना

हाल ही में दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि ” मेरे खिलाफ आया फैसला न्याय नहीं है। यह एक गैर-कानूनी, असंवैधानिक और राजनीतिक मकसद से की गई प्रक्रिया का हिस्सा है। अवामी लीग को नेता-विहीन बनाने के लिए न्यायपालिका को राजनीतिक बदले का जरिया बना दिया गया है। ऐसी कोशिशें पहले भी की गई हैं। वे तब भी नाकाम रहीं और आगे भी नाकाम रहेंगी। “

हसीना ने कहा कि उन्हें मौत से डर नहीं लगता। उन्होंने बांग्लादेश के संस्थापक माने जाने वाले अपने पिता शेख मुजीबुर रहमान की हत्या और 1975 में अपने परिवार को खोने का जिक्र किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह ” इस साल ” बांग्लादेश लौटेंगी।

हसीना ने कहा कि “ मुझे मौत से डर नहीं लगता। 1975 में मैंने अपने माता-पिता, भाइयों और लगभग अपने पूरे परिवार को खो दिया था। 21 अगस्त को ग्रेनेड से मेरी हत्या करने की कोशिश की गई थी। मेरे खिलाफ कई साजिशें रची गईं। लेकिन साजिशों के हर जाल को तोड़कर मैं बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़ी रही। लोगों के वोट से मैं पांच बार प्रधानमंत्री चुनी गई और देश के अभूतपूर्व विकास के लिए काम किया। मेरी लगभग पूरी जिंदगी बांग्लादेश के लोगों, अवामी लीग, लोकतांत्रिक संघर्ष और बांग्लादेश के विकास से जुड़ी रही है। इसलिए मैं साफ तौर पर कहना चाहती हूं हर बाधा और हर साजिश को पार करके, मैं इस साल अपने देश लौटूंगी। ”

यह भी पढ़ें – राम मंदिर दान मामले में टिन्नू यादव समेत कई आरोपियों के घर पहुंची पुलिस, परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ

स्पेशल ट्रिब्यूनल ने फैसला सुनाया कि जुलाई 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले विरोध-प्रदर्शनों पर हुई “क्रूर और सरकार द्वारा प्रायोजित कार्रवाई” के लिए शेख हसीना जिम्मेदार थीं। अदालत ने कहा कि उन्होंने इसके लिए “आदेश दिया, उकसाया और इसे रोकने में नाकाम रहीं। “

बांग्लादेश विरोध प्रदर्शनों में मारे गए 1,400 लोग

संयुक्त राष्ट्र (UN) के अनुमान के मुताबिक जुलाई 2024 के विरोध प्रदर्शनों के दौरान 1,400 लोगों की मौत हुई थी। बांग्लादेश की अदालत के मुताबिक, हसीना को पांच मामलों में दोषी ठहराया गया था। इनमें आम नागरिकों की भीड़ के खिलाफ ड्रोन, हेलीकॉप्टर और घातक हथियारों का इस्तेमाल करना और ढाका इलाके में प्रदर्शनकारियों की बड़े पैमाने पर हत्या करना शामिल है।

अवामी लीग के जरिए जारी बयानों में हसीना ने इस फैसले को सख्ती से खारिज किया और ट्रिब्यूनल को एक गैर-निर्वाचित अंतरिम सरकार द्वारा “पक्षपाती, धांधलीपूर्ण और राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया।

भारत ने हालांकि इस घटनाक्रम पर तटस्थ रुख अपनाया और विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि नई दिल्ली बांग्लादेशी लोगों की स्थिरता और लोकतांत्रिक हितों के लिए प्रतिबद्ध है और साथ ही सभी स्थानीय हितधारकों के साथ बातचीत जारी रखेगी।

यह भी पढ़ें – फैजल खान की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, बॉडीगार्डों के हथियारों पर उठे सवाल, केस डायरी में पुलिस ने क्या बिंदु जोड़े?

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular