Home भारत महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे को झटका, 6 सांसदों ने शिंदे गुट का थाम...

महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे को झटका, 6 सांसदों ने शिंदे गुट का थाम लिया दामन, डिप्टी सीएम बोले- हमने छक्का लगा दिया

एकनाथ शिंदे ने 2022 में शिवसेना में हुई टूट का बचाव करते हुए कहा कि उस समय भविष्यवाणी की गई थी कि उनके साथ आने वाले 40 विधायकों में से कोई भी दोबारा चुनाव नहीं जीत पाएगा। लेकिन ये बात गलत साबित हुई।

0
Eknath Shinde
फाइल फोटो

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद औपचारिक रूप से एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। इसकी अटकलें हालांकि पिछले कई दिनों से लगाई जा रही थी। इस मौके पर शिंदे ने इसे 2022 की उस बगावत के दूसरे चरण के रूप में पेश किया, जिसने महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार गिरा दी थी।

सभी छह सांसदों के साथ मंच साझा करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘आज यहां 6 बाघ मौजूद हैं।’ उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इन छह सांसदों में से तीन का पहला नाम संजय है। इसे उन्होंने ‘ट्रिपल संजय पावर’ करार दिया।

हमने छक्का मार दिया…

छह सांसदों के शामिल होने को लेकर शिंदे ने क्रिकेट की भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘अब हमने छक्का मार दिया है।’ उन्होंने कहा कि 2022 में उद्धव ठाकरे गुट से अलग होने का फैसला बाल ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा की रक्षा के लिए लिया गया था और सोमवार का यह घटनाक्रम उसी प्रयास का अगला चरण है। उन्होंने कहा, ‘जहां शिवसेना की विचारधारा है, वहीं शिवसेना है।’

शिंदे गुट में शामिल हुए ये छह सांसद

शिंदे की शिवसेना में शामिल होने वाले सांसदों में शामिल हैं—

संजय दीना पाटिल
ओमप्रकाश राजे निम्बालकर
संजय जाधव
नागेश पाटिल अष्टीकर
संजय देशमुख
भाऊसाहेब वाकचौरे

एकनाथ शिंदे ने इस मौके कहा कि उन्होंने पिछले दो दिनों में व्यक्तिगत रूप से इन सभी छह सांसदों से बातचीत की। उन्होंने इन नेताओं को ‘असली स्टार’ बताते हुए कहा कि ये लोग किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की सेवा करने के उद्देश्य से उनके साथ जुड़े हैं।

2022 की बगावत पर क्या बोले शिंदे

शिंदे ने 2022 में शिवसेना में हुई टूट का बचाव करते हुए कहा कि उस समय भविष्यवाणी की गई थी कि उनके साथ आने वाले 40 विधायकों में से कोई भी दोबारा चुनाव नहीं जीत पाएगा। उन्होंने कहा, ‘मैंने कहा था कि अगर वे नहीं जीतेंगे तो मैं इस्तीफा देकर अपने गांव लौट जाऊंगा और किसान बन जाऊंगा।’

शिंदे ने दावा किया कि बाद में उनमें से 60 नेता निर्वाचित होकर आए। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री शिंदे ने इस दौरान कुछ विकास योजनाओं का भी जिक्र किया। ‘लाड़की बहिन’ योजना और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार ने काम करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का एजेंडा गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों के विकास पर केंद्रित है।

अपने संबोधन के अंत में शिंदे ने पार्टी को लेकर कहा कि शिवसेना में कोई भी व्यक्ति ‘बॉस’ नहीं होता। उन्होंने कहा, ‘हम सभी सहयोगी हैं। जब मैं मुख्यमंत्री था, तब भी मैंने एक कार्यकर्ता की तरह काम किया। मैं आगे भी एक कार्यकर्ता की तरह काम करता रहूंगा।’

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version