Home मनोरंजन Ramayana का टीजर देख लोगों को Adipurush की आई याद, पकड़ ली...

Ramayana का टीजर देख लोगों को Adipurush की आई याद, पकड़ ली बड़ी गलती!, क्या बातें हो रहीं?

रणबीर कपूर ने Ramayana का फर्स्ट लुक साझा करते हुए कहा कि राम का किरदार निभाना उनके लिए एक विनम्र अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं मानता कि मैं राम का प्रतिनिधित्व करने आया हूं, बल्कि मैं उनसे सीखने आया हूं। राम की सादगी और पवित्रता बेहद दुर्लभ है, उसे समझना और अपनाना मेरे लिए एक गहरा अनुभव रहा।”

0
ramayana teaser, ramayana teaser out, ramayana vs aadipurush, ranbir kapoor,

नीतेश तिवारी के निर्देशन में बनी रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) का भव्य टीजर रिलीज हो गया है। टीजर के रिलीज होते ही इसको लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है। करीब 25 सेकंड के इस टीजर ने दर्शकों को दो हिस्सों में बांट दिया है। एक तरफ जहां कुछ लोग इसे विजुअली कमजोर और निराशाजनक बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स इसे भव्य और शानदार मान रहे हैं।

हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर जब मेकर्स ने इस फिल्म के फर्स्ट लुक को जारी किया तो दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। हालांकि टीजर देखने के बाद वे निराशा से भर गए। किसी प्रभास स्टारर आदिपुरुष की याद आई तो किसी को रामानंद सागर की बनाई हुई रामायण।

टीजर के शुरुआती सीन को देख ही लोग भड़ग गए। एक यूजर ने लिखा, नोलन ने द ओडिसी को वास्तविक स्थानों और किलों पर शूट किया और यह बहुत अच्छा लग रहा है… अब कल्पना करें कि अगर रामायण के निर्माताओं ने प्राकृतिक प्रकाश के साथ उचित स्थान पर एक भी दृश्य शूट किया होता, तो हमें केवल एआई दिखने वाले दृश्य मिलते क्योंकि सब कुछ नीली स्क्रीन के साथ एक साउंडस्टेज पर शूट किया गया है

लोगों को टीजर में कई तरह की खामियां नजर आईं। एक यूजर ने टीजर के शुरुआती हिस्से को शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, भाई, यह तो सचमुच ‘आदिपुरुष 2.0’ है।

एक यूजर ने लिखा, ये 25 सेकंड इस बात का सबूत हैं कि किसी प्रोजेक्ट में सिर्फ पैसा लगाने से यह गारंटी नहीं मिलती कि उसमें हुनर ​​भी होगा। इसीलिए राजामौली इस देश के सबसे बेहतरीन डायरेक्टर हैं। Ramayana का टीजर बहुत ही निराशाजनक है।

रैपर हनी सिंह के मुंबई कॉन्सर्ट के आयोजकों पर पुलिस ने दर्ज की FIR, क्या-क्या आरोप लगे हैं?

एक यूजर ने टीजर में एआई के इस्तेमाल की बारीक गलती पकड़ ली। यह गलती दरअसल कंटिन्यूटी एरर (continuity error) थी। टीजर के एक शॉट में एक बच्चा रणबीर कपूर (राम) के सामने झुक रहा है और रणबीर उसे पार कर आगे निकल जाते हैं। लेकिन ठीक अगले फ्रेम में, वही बच्चा रणबीर के बगल में खड़ा होकर उन पर फूल बरसाता हुआ दिखाई देता है। उसने क्लिप के साथ मेकर्स पर अपनी भड़ास निकालते हुए लिखा-

पहला फ्रेम: एक बच्चा झुककर प्रणाम कर रहा है और रणबीर उसके आगे से गुजर जाते हैं।
अगला फ्रेम: वही बच्चा उन पर फूल बरसा रहा है। और हम 2026 जैसे बड़े साल में इन AI वीडियो के साथ हॉलीवुड से मुक़ाबला करने चले हैं।

रणबीर कपूर के लुक और एक्सप्रेशन भी चर्चा के केंद्र में हैं। कुछ यूजर्स ने कहा कि उनके चेहरे पर “ना तो एक्सप्रेशन है, ना ही वो आभा” जो भगवान राम के किरदार में दिखनी चाहिए। वहीं, कुछ ने उनके पीआर पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी छवि को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।

एक यूजर ने लिख, मैंने कभी किसी को इतना ‘ऑरा-लेस’ (बिना किसी प्रभाव या तेज के) नहीं देखा।

एक और यूजर ने रणबीर के सपाट एक्सप्रेशन की बात कही। उसने लिखा, जिस तरह से उनके चेहरे पर सचमुच कोई हाव-भाव या तेज नहीं है और वह बेहद बूढ़े लग रहे हैं। लेकिन उनकी PR टीम आपको यह यकीन दिलाएगी कि एक अरब लोगों वाले इस देश में, भगवान राम का किरदार उनसे बेहतर कोई और निभा ही नहीं सकता था।

एक अन्य ने भी कहा कि रणबीर कपूर में वह आभा और आकर्षण की कमी है, फिर भी उन्हें ‘रामायण’ में राम के किरदार के लिए चुना गया है। रामायण के लिए रणवीर सिंह एक ज़्यादा बेहतर विकल्प होते, खासकर ऐतिहासिक किरदारों को निभाने के उनके पिछले अनुभव को देखते हुए।

हालांकि, दूसरी ओर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी कम नहीं हैं। कई यूजर्स ने राम के रूप में रणबीर के लुक को पसंद किया और टीजर को “EPIC” और “गूसबंप्स देने वाला” बताया। एक यूजर ने लिखा कि यह “सोल और स्पेक्टेकल” दोनों का संतुलन दिखाता है और इसे ‘आदिपुरुष’ से अलग बताया।

एक ने लिखा, इंतजार कीजिए। यह धीरे-धीरे लोगों का दिल जीत लेगी।

कुछ दर्शकों ने यह भी कहा कि टीजर में सिर्फ भगवान राम पर फोकस रहा, जबकि हनुमान, माता सीता, लक्ष्मण और रावण की झलक नहीं दिखने से अधूरापन महसूस हुआ। वहीं, फिल्म के करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट को लेकर भी चर्चा तेज है, जिसमें कुछ यूजर्स ने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य फिल्मों में से एक बताया।

टीजर में यश रावण के रूप में, रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आती हैं। हालांकि पूरी झलक का केंद्र श्रीराम ही रहते हैं, लेकिन अन्य प्रमुख पात्रों की संक्षिप्त मौजूदगी कहानी के प्रति उत्सुकता और रोमांच को बढ़ा देती है।

रणबीर कपूर ने फर्स्ट लुक साझा करते हुए कहा कि राम का किरदार निभाना उनके लिए एक विनम्र अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं मानता कि मैं राम का प्रतिनिधित्व करने आया हूं, बल्कि मैं उनसे सीखने आया हूं। राम की सादगी और पवित्रता बेहद दुर्लभ है, उसे समझना और अपनाना मेरे लिए एक गहरा अनुभव रहा।”

रणबीर के मुताबिक, राम की कहानी सिर्फ शक्ति या विजय की नहीं है, बल्कि एक इंसान के रूप में उनके फैसलों, कर्तव्य और नैतिकता की यात्रा है।

Ramayana - Official Teaser Trailer

निर्देशक नितेश तिवारी ने भी टीजर पर कहा कि “रामायण की असली ताकत उसकी भावनाओं और मानवीयता में है। यह सिर्फ अच्छाई बनाम बुराई की कहानी नहीं, बल्कि सही और गलत के बीच चुनाव करने और उसके परिणामों को स्वीकार करने की कथा है। हमने राम के इसी मानवीय पक्ष को दिखाने की कोशिश की है।”

उन्होंने आगे कहा कि राम का चरित्र दर्शकों को ऐसे नायक की याद दिलाता है, जो हमेशा अपने कर्तव्य को व्यक्तिगत इच्छाओं और स्वार्थ से ऊपर रखता है।

फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, सनी देओल, लारा दत्ता और अमिताभ बच्चन जैसे बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

म्यूजिक के मोर्चे पर भी फिल्म खास है, जहां हंस जिमर और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गज संगीतकार जुड़े हैं। वहीं, एक्शन और युद्ध दृश्यों को भव्य बनाने के लिए हॉलीवुड के मशहूर स्टंट डायरेक्टर्स टेरी नॉटरी और गाइ नॉरिस को शामिल किया गया है। फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 में रिलीज होने वाला है जबकि दूसरा भाग अगले साल दीवाली पर रिलीज होगी।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version