Home भारत राजस्थान से बरामद 9,550 किलो विस्फोटक, गणतंत्र दिवस परेड से पहले बड़ा...

राजस्थान से बरामद 9,550 किलो विस्फोटक, गणतंत्र दिवस परेड से पहले बड़ा खतरा टला

राजस्थान से बरामद हुआ 9,550 किलोग्राम विस्फोटक। गणतंत्र दिवस की परेड से पहले एक बड़ा खतरा टला है।

rajasthan police seized 9550 kg ammonium nitrate before republic day parade, राजस्थान पुलिस
फोटोः आईएएनएस

जयपुरः राजस्थान के नागौर जिले से पुलिस ने रविवार, 25 जनवरी को 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया। पुलिस ने 58 वर्षीय युवक के घर से इसे बरामद कर उसको गिरफ्तार किया। गणतंत्र दिवस की परेड से पहले पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।

हिंदुस्तान टाइम्स ने नागौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मृदुल कछवा के हवाले से लिखा कि “कुछ आंतरिक सूचनाओं के आधार पर, नागौर पुलिस की एक विशेष टीम ने रविवार को आरोपी सुलेमान खान के नागौर के थानवला स्थित आवास पर छापा मारा और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया।”

सुलेमान ने छिपाए थे अमोनियम नाइट्रेट

पुलिस के मुताबिक, सुलेमान ने 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट समेत विस्फोटक छुपाए थे। अमोनियम नाइट्रेट को 187 कार्टन में, 9 कार्टन डेटोनेटर, 15 बंडल नीली तार, नौ बंडल लाल तार और अन्य सामान उसके खेत से बरामद हुआ।

कछवा के मुताबिक, “आरोपी सुलेमान खान के ऊपर नागौर के थानवला, पादुक्कलन और अलवर के चौपसानी में तीन मामले दर्ज हैं। सभी मामले विस्फोटक अधिनियम (एक्सप्लोसिव एक्ट) के तहत हैं।”

इस घटनाक्रम के बाद, पुलिस ने सुलेमान को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एक्सप्लोसिव एक्ट, 1984 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

वहीं, एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया सुलेमान खदान मालिकों को विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति भी करता था। हालांकि जब्त की गई भारी मात्रा को देखते हुए हमें संदेह है कि वह किसी बड़ी साजिश में भी शामिल हो सकता है। हम उससे पूछताछ के लिए केंद्रीय एजेंसियों से भी संपर्क कर सकते हैं।

गौरतलब है कि भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। ऐसे में इस दौरान देश में विदेशी मेहमान समेत अन्य प्रतिनिधि हिस्सा लेते हैं जिसको लेकर कड़ी सुरक्षा की जाती है। इस बीच पुलिस द्वारा भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया जाना किसी बड़ी साजिश का अंदेशा देता है।

पुलिस ने पहले भी बरामद किया अमोनियम नाइट्रेट

अधिकारियों ने बताया कि अमोनियम नाइट्रेट का संबंध पहले के बड़े मामलों में भी पाया गया है। हाल ही में दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में भी इसका इस्तेमाल किया गया था।

वहीं, 2 दिसंबर को अवैध विस्फोटक पदार्थों से लदा एक पिकअप ट्रक नाथद्वारा श्रीनाथजी में बरामद किया गया था। इसमें पाई गई सामग्री लगभग 10 किलोमीटर तक नुकसान करने में सक्षम थी। इस वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, बरामद की थी। इसमें आईसीएल प्राइम एक्स के 83 पैकेट थे जिनमें प्रत्येक का वजन 2.78 किलो था। पुलिस द्वारा जब्त की गई सामग्री में 109 कार्टन में 981 कार्ट्रिजेस और एक अन्य कार्टन में ट्रक लाइन डेटोनेटर के 100 टुकड़े और डीटी फ्यूज के साथ 93 डेटोनेटर बरामद किए थे। इसके साथ ही इससे करीब 30 फीट दूर एक सुरक्षा फ्यूज भी बरामद किया गया था।

वहीं, इस घटना के एक दिन बाद पुलिस ने टोंक जिले से 150 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट के साथ दो युवकों को पकड़ा था।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version