Homeभारत'चुनाव चोरी, संस्था चोरी - अब और चारा ही क्या है?', 5...

‘चुनाव चोरी, संस्था चोरी – अब और चारा ही क्या है?’, 5 राज्यों के चुनावी नतीजों पर क्या बोले राहुल गांधी?

 राहुल गांधी ने चुनावी नतीजों की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि संस्थाओं के दम पर इलेक्शन लूटा गया।

नई दिल्ली: चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के नतीजों के बाद सोमवार (4 मई) को राहुल गांधी ने चुनावी पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पश्चिम बंगाल, केरलम, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनावी नतीजों के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा और चुनाव आयोग (ECI) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव ‘चोरी’ किए गए हैं।

गौरतलब है कि इन चुनावी नतीजों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल और असम में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी टीवीके ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंकाया है। केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व में यूडीएफ ने बेहतरीन प्रदर्शन कर 10 साल से सत्ता पर काबिज एलडीएफ को मात दी है।

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, हरियाणा का दिया उदाहरण

राहुल गांधी ने इस बाबत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट की। इस पोस्ट में लिखा कि असम और पश्चिम बंगाल ऐसे स्पष्ट उदाहरण हैं, जहां भाजपा ने चुनाव आयोग के समर्थन से चुनाव चुराया है। हम सीएम ममता बनर्जी से सहमत हैं। पश्चिम बंगाल में 100 से ज्यादा सीटें चुराई गईं। हमने पहले भी मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, 2024 के लोकसभा चुनाव में यह तरीका देखा है।

इससे पहले, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 100 से ज्यादा सीटें लूट लीं। चुनाव आयोग भाजपा का आयोग बन गया है। आपको लगता है कि यह जीत है? यह एक अनैतिक जीत है। चुनाव आयोग ने जो कुछ भी किया, वह पूरी तरह से गैर-कानूनी और लूट है।

यह भी पढ़ें – ‘गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल खिला’, बंगाल में ऐतिहासिक जीत पर क्या बोले पीएम मोदी?

पश्चिम बंगाल में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा है। पार्टी ने 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, ममता बनर्जी भी अपनी सीट बचाने में असफल रही हैं। पिछली बार सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें नंदीग्राम से मात दी थी। इस बार ममता ने भवानीपुर से चुनाव लड़ा। यहां भी उन्हें सुवेंदु अधिकारी ने 15 हजार से अधिक वोटों से हराया।

Split image: left panel shows two politicians with 'Battle of Bhabanipur' text; right panel shows a crowd waving an orange BJP flag with a lotus symbol outside.
भवानीपुर में ममता 15 हजार से अधिक वोटों से हारीं

असम-बंगाल में भाजपा, तमिलनाडु में टीवीके

बता दें कि अभी तक के रुझानों में असम में भाजपा की सरकार बनती हुई दिख रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल में बड़ा उलटफेर दिखाई दे रहा है। टीएमसी 100 सीटों से नीचे है तो वहीं भाजपा 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। तमिलनाडु में एक्टर से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके सबसे ज्यादा सीटें जीतती दिख रही है। वहीं, केरलम में कांग्रेस की सरकार बनती दिखाई दे रही है।

गौरतलब है कि इन राज्यों के लिए मतदान अप्रैल महीने में हुए थे और नतीजे 4 मई को घोषित किए गए। इन नतीजों में कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन कोलाथुर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता भी अपनी सीट गंवा बैठी हैं।

यह भी पढ़ें – सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा की अदालतों को लगाई फटकार, दलित और आदिवासी आरोपियों को जमानत के बदले सफाई करने का दिया था आदेश

स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने हालांकि चेपॉक सीट से जीत दर्ज की है। सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
amrendra
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular