डेविड धवन की क्लासिक कॉमेडी फिल्मों के प्रशंसकों को उनकी नई फिल्म के लिए अब थोड़ा और इंतजार करना होगा। मोस्ट अवेटेड रोमांटिक कॉमेडी ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर बदल दी गई है। पहले यह फिल्म 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब यह 5 जून 2026 को रिलीज होगी।
दरअसल यह फैसला यश स्टारर टॉक्सिक के चलते किया गया। हाल ही में यश स्टारर एक्शन फिल्म ‘टॉक्सिक’ के निर्माताओं ने घोषणा की थी कि उनकी फिल्म अब 4 जून को रिलीज नहीं होगी। इसके बाद जून के पहले सप्ताह में बने खाली स्लॉट का फायदा उठाते हुए टिप्स फिल्म्स ने इस रोमांटिक कॉमेडी को नई तारीख पर शिफ्ट किया है।
क्यों टली ‘टॉक्सिक’?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग और निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन निर्माता फिलहाल अंतरराष्ट्रीय वितरण और बड़े स्तर की साझेदारियों पर काम कर रहे हैं। यश ने संकेत दिया है कि फिल्म को दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज करने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया गया है। हालांकि अभी तक नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।
‘टॉक्सिक’ के टलने से अब वरुण धवन की फिल्म के लिए रास्ता साफ हो गया है। फिल्म अब बिना किसी बड़े मुकाबले के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिससे इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को फायदा मिलने की उम्मीद है।
रमेश तौरानी द्वारा टिप्स फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म मैक्सिमिलियन फिल्म्स यूके के सहयोग से बनाई जा रही है। खास बात यह है कि इसके जरिए निर्देशक डेविड धवन और अभिनेता वरुण धवन की पिता-पुत्र जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है। इससे पहले दोनों ‘मैं तेरा हीरो’ और ‘कुली नंबर 1’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं।
फिल्म का नया पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें डेविड धवन शैली की वही रंगीन और मस्तीभरी ऊर्जा नजर आती है। पोस्टर में वरुण धवन जुड़वां बेबी स्ट्रोलर पर अनोखे अंदाज में बैठे दिख रहे हैं, जबकि उनके साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर नजर आ रही हैं। पोस्टर में मनीष पॉल, मौनी रॉय, जिमी शेरगिल और राकेश बेदी जैसे कलाकारों की झलक भी दिखाई गई है, जिससे साफ है कि फिल्म में भरपूर कॉमेडी और गड़बड़झाला देखने को मिलेगा।
फिल्म को एक चटपटी और रंगीन रोमांटिक कॉमेडी के तौर पर पेश किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इसमें 90 के दशक के लोकप्रिय गानों के नए संस्करण, तेज रफ्तार हास्य और डेविड धवन के सिग्नेचर स्लैपस्टिक अंदाज का तड़का देखने को मिलेगा।
धवन की पुरानी फिल्मों को रीरिलीज करेगा पीवीआर

इस बीच खबर है कि पीवीआर आईनॉक्स ने डेविड धवन की 90 की दशक की कुछ चर्चित फिल्मों को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है। यह विशेष फिल्म फेस्टिवल उनकी आगामी फिल्म “है जवानी तो इश्क होना है” की रिलीज से पहले आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद नई पीढ़ी के दर्शकों को बड़े पर्दे पर उस दौर की एंटरटेनिंग फिल्मों से दोबारा रूबरू कराना है।
डेविड धवन ने गोविंदा और सलमान खान जैसे सितारों के साथ मिलकर कई यादगार कॉमेडी फिल्में दीं। उनकी फिल्मों की खासियत तेज रफ्तार कहानी, रंगीन किरदार, चुटीले संवाद और परिवार के साथ देखे जा सकने वाला मनोरंजन रहा। एफटीआईआई से पढ़ाई करने वाले डेविड धवन का करियर चार दशकों से ज्यादा लंबा रहा है।
पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड की लीड स्ट्रैटेजिस्ट निहारिका बिजली ने कहा कि भारतीय दर्शकों की सामूहिक फिल्म देखने की संस्कृति को आकार देने वाले फिल्मकारों का सम्मान करना जरूरी है। उनके मुताबिक, यह फेस्टिवल युवा दर्शकों के लिए डेविड धवन की क्लासिक फिल्मों को उसी रूप में देखने का दुर्लभ मौका है, जिस रूप में वे बनाई गई थीं।
डेविड धवन ने भी इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ऐसी फिल्में बनाने की कोशिश की, जो लोगों को उनकी रोजमर्रा की परेशानियों से कुछ देर राहत दें। उनका कहना था कि अगर दर्शक थिएटर से मुस्कान लेकर बाहर निकलें, तो वही उनकी सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि इन फिल्मों को फिर से बड़े पर्दे पर लौटते देखना भावुक करने वाला अनुभव है।
मई 2026: जानिए कौन सी फिल्में सिनेमाघरों में देंगी दस्तक और किसका इंतजार हुआ लंबा?

