कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान बुधवार को कई जिलों से हिंसा, तनाव, हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप की खबरें सामने आईं। नादिया, हावड़ा, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना समेत कई इलाकों में झड़पें हुईं, जबकि कोलकाता के भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी एक ही मतदान केंद्र पर पहुंचे, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया।
दक्षिण 24 परगना के बसंती क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार की गाड़ी पर हमला किए जाने और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। बताया गया कि बूथ नंबर 76 का दौरा करने पहुंचे उम्मीदवार को निशाना बनाया गया। आरोप है कि इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की भी कोशिश की गई। भाजपा ने दावा किया कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद समय पर हस्तक्षेप नहीं किया गया, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया।
वहीं, दक्षिण 24 परगना में मतदान के दौरान कथित गड़बड़ियों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि जहां कहीं भी समस्याएं आ रही हैं, हम सीसीटीवी कैमरों के ज़रिए उनकी पहचान कर रहे हैं और जहां जिस प्रकार की समस्या है वहां वैसे ही समाधान हो रहे है।
बंगाल में दूसरे चरण के मतदान में कहां-कहां हिंसा हुई?
पानीहाटी में भाजपा उम्मीदवार का टीएमसी पर मारपीट का आरोपः पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने भी आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थकों ने उन पर हमला किया। देबनाथ के मुताबिक जब वह एक बुजुर्ग महिला की मदद के लिए कह रही थीं, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी। इसी क्षेत्र के बूथ नंबर 145 पर भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच हाथापाई की खबर भी सामने आई, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने स्थिति संभाली।
हावड़ा के बाली में EVM पर हंगामाः हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम में खराबी की शिकायत के बाद मतदाताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बूथ नंबर 152, 153 और 154 पर भारी हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ने पर सीआरपीएफ ने हस्तक्षेप किया और दो लोगों को हिरासत में लिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
बैरकपुर और बारानगर में लंबी कतारेंः बैरकपुर के इचापुर क्षेत्र में मतदाताओं ने शिकायत की कि सुबह 6 बजे से लाइन में खड़े रहने के बावजूद साढ़े चार घंटे बाद भी उनका नंबर नहीं आया। लोगों ने ईवीएम में तकनीकी खराबी का आरोप लगाया। कई महिलाएं थककर बैठ गईं, जबकि एक युवती की तबीयत बिगड़ने की सूचना है। वहीं बारानगर में लगातार बारिश के बावजूद लोग मतदान केंद्रों के बाहर कतारों में खड़े नजर आए और मतदान जारी रहा।
नादिया में भाजपा एजेंट पर हमलाः नादिया जिले के छपरा क्षेत्र में भाजपा पोलिंग एजेंट ने आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने लाठी और लोहे की रॉड से हमला किया। घायल एजेंट को अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीमपुर विधानसभा क्षेत्र में एक पुलिस अधिकारी पर मतदाताओं से तृणमूल के पक्ष में वोट डालने की अपील करने का आरोप भी लगा, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
हुगली के खानकुल में TMC-ISF समर्थकों में मारपीटः हुगली जिले के खानकुल क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित बूथ नंबर 147 पर नकली पोलिंग एजेंट बैठाने के आरोपों को लेकर तृणमूल कांग्रेस और आईएसएफ समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इससे पहले हुगली-चुचुड़ा में चुनावी बैनर हटाने को लेकर भी तनाव की खबर आई थी।
डायमंड हार्बर में बूथ कैप्चरिंग की कोशिशः डायमंड हार्बर के रायनगर में मतदाताओं ने एक युवक को कथित तौर पर बूथ कब्जाने और फर्जी मतदान की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। आरोपी की पहचान शेख अली हुसैन के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भाजपा ने इस मामले में चुनाव आयोग से लिखित शिकायत की है।
बीजपुर में निर्दलीय प्रत्याशी और काउंसलर में झड़पः बीजपुर क्षेत्र में एक निर्दलीय उम्मीदवार और स्थानीय काउंसलर के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
इसके अलावा श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 100 और 101 पर भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती के आसपास विरोध प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया है। पुलिस ने जैसे-तैसे मामले को संभाला।
मानिकतला में पोलिंग बूथ के पास बैनर पर विवादः मानिकतला में तृणमूल उम्मीदवार श्रेया पांडे के घर के सामने बने एक मतदान केंद्र के पास उनके समर्थन में चुनावी बैनर लगाए जाने का मामला सामने आया। नियमों के अनुसार, मतदान केंद्र के 100 मीटर के भीतर चुनाव प्रचार सामग्री नहीं लगाई जा सकती।
वोटरों ने लगाए डराने-धमकाने के आरोपः नॉर्थ 24 परगना जिले के कुछ मतदाताओं ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान माहौल डराने वाला बनाया जा रहा है। कुछ लोगों ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले से उतरे लोगों ने उन्हें धमकाया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भवानीपुर में ममता और शुभेंदु एक साथ पहुंचे
इस बीच कोलकाता के भवानीपुर में एक दिलचस्प राजनीतिक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी लगभग एक ही समय पर चक्रबेरिया स्थित वार्ड नंबर 73 के मतदान केंद्र पहुंचे। हालांकि दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत नहीं हुई, लेकिन एक साथ मौजूदगी ने चुनावी मुकाबले को प्रतीकात्मक रूप से और दिलचस्प बना दिया।
भवानीपुर इस चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में गिनी जा रही है। यह ममता बनर्जी का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, जबकि भाजपा ने यहां शुभेंदु अधिकारी को चुनौती के तौर पर उतारा है। राजनीतिक विश्लेषक इसे 2021 के नंदीग्राम मुकाबले का रीमैच मान रहे हैं, जहां शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था।

