Wednesday, April 29, 2026
Homeभारतपश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोटिंग जारी, नादिया...

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोटिंग जारी, नादिया में भाजपा बूथ एजेंट पर हमला

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण, हावड़ा, नादिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्वी बर्धमान में मतदान हो रहे हैं।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान आज हो रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 सीटों में से दूसरे चरण में 142 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। कई जगहों पर मतदाताओं की लंबी कतारें सुबह से ही देखी जा रही हैं। इस बीच नादिया में हिंसा की खबरें हैं। वोटिंग शुरू होने से पहले सुबह करीब 6 बजे भाजपा बूथ एजेंट पर हमले की खबरें आई हैं। आरोप तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर लग रहे हैं।

बहरहाल, आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी शामिल हैं। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है। वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह भाजपा के निवर्तमान विधायक हैं। दूसरे चरण का मतदान निर्णायक माना जा रहा है। दरअसल ये 142 सीटें वे हैं जिसमें से 123 पर 2021 में तृणमूल कांग्रेस ने बाजी मारी थी।

किन-किन जिलों में वोटिंग, कितने उम्मीदवार

दूसरे चरण में पश्चिम बंगाल में कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण, हावड़ा, नादिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्वी बर्धमान में मतदान हो रहे हैं। कोलकाता उत्तर और दक्षिण में मिलाकर 11 सीटें हैं, जबकि हावड़ा में 16, नादिया में 17, उत्तर 24 परगना में 33, दक्षिण 24 परगना में 31, हुगली में 18 और पूर्वी बर्धमान में 16 सीटें हैं।

क्षेत्रफल के हिसाब से कोलकाता की जोड़ासांको विधानसभा सीट सबसे छोटी है, जिसका क्षेत्रफल सिर्फ 3.48 वर्ग किलोमीटर है, जबकि नदिया जिले की कल्याणी सीट सबसे बड़ी है, जिसका क्षेत्रफल 135 वर्ग किलोमीटर है। उत्तरी 24 परगना जिले के भाटपारा में सबसे कम 1,17,195 मतदाता हैं, जबकि हुगली जिले के चुंचुड़ा में सबसे अधिक 2,75,715 मतदाता हैं।

इन 142 विधानसभा सीटों के लिए कुल 1,448 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 1,228 है, जबकि महिला उम्मीदवारों की संख्या 220 है। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार हैं, जबकि हुगली जिले में सबसे कम 5 उम्मीदवार हैं।

चुनाव के रिकॉर्ड के अनुसार, इन 142 विधानसभा सीटों में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 32,173,837 है। यह इन सभी विधानसभा सीटों की कुल आबादी 50,013,786 का लगभग 64 प्रतिशत है। 32,173,837 पंजीकृत मतदाताओं में से 16,435,627 पुरुष मतदाता, 15,737,418 महिला मतदाता और 792 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

नादिया में बूथ एजेंट पर हमला

आखिरी चरण के मतदान से पहले नादिया जिले में भारतीय जनता पार्टी के बूथ एजेंट पर जानलेवा हमले की खबरें सामने आई हैं। बंदूक की बट, लाठी और रॉड से भाजपा बूथ एजेंट को पीटा गया है, जिसमें उसे सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। भाजपा का प्रत्याशी सैकत सरकार ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है।

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार चपरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सैकत सरकार ने बताया कि सुबह 6 बजे पार्टी का बूथ एजेंट बूथ पर जा रहा था। पार्टी के दूसरे सदस्य भी वहां मौजूद थे। इसी बीच, टीएमसी उम्मीदवार के गुंडे मफीदुल ने उसे (पोलिंग एजेंट को) बंदूक की बट, लाठी और रॉड से बुरी तरह पीटा।

उन्होंने बताया कि बूथ एजेंट के सिर पर चोट लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। सैकत सरकार ने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी का उम्मीदवार जनता को डराने की कोशिश कर रहा है। मफीदुल जैसे कई लोग इस काम में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना पड़ेगा कि मतदाता बाहर निकलकर वोट कर पाएं। सुबह एक घटना हो चुकी है। मतदान के बीच अब पूरे दिन कोई घटना नहीं होनी चाहिए।

बताते चलें कि चपरा में तृणमूल कांग्रेस ने जेबर शेख को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने आसिफ खान को टिकट दिया है। इस विधानसभा सीट पर कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगालः दूसरे चरण की वोटिंग से पहले चुनाव आयोग की कड़ी कार्रवाई, 809 लोगों को किया गिरफ्तार

विनीत कुमार
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular