नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (9 जुलाई) को ऑस्ट्रेलिया में एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें भारत की रक्षा क्षमताओं का ‘डेमो’ देखने को मिला।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया अब भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता देख रही है।
ऑस्ट्रेलिया में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर क्या बोले पीएम मोदी?
यह कार्यक्रम मेलबर्न में आयोजित हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि ” दुनिया भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म की क्षमता और विश्वसनीयता देख रही है। आपने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान इसका प्रदर्शन देखा होगा। धमाके तो आतंकवादियों के ठिकानों पर हो रहे थे लेकिन उनकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी। “
पीएम मोदी ने पूछा कि ” क्या आतंकवादियों के ठिकानों पर हुए इस जबरदस्त हमले ने आपको गर्व से भर दिया? ” पीएम मोदी ने कहा कि अब तक के अपने 12 साल के कार्यकाल में ‘मेक इन इंडिया’ एक “ग्लोबल ब्रांड” बन गया है।
उन्होंने कहा, ” पिछले 12 सालों में ‘मेक इन इंडिया’ एक ग्लोबल ब्रांड बन गया है। हमारे मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स दुनिया भर के बाजारों में पहुंच चुके हैं। हमारी ऑटोमोबाइल और फार्मास्युटिकल उत्पादों की वैश्विक उपस्थिति बढ़ी है।”
यह भी पढ़ें – अखिलेश से विवाद गहराया! निशिकांत दुबे ने भेजा मानहानि नोटिस का जवाब; पूछा- सरकारी रिकॉर्ड में ‘टीपू’ कहां लिखा है?
पीएम मोदी ने मेलबर्न के लोगों का जताया आभार
‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में 30 हजार से ज्यादा लोग जुटे। प्रधानमंत्री ने इस उत्साह, उमंग और उल्लास के लिए मेलबर्नवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन ऊर्जा और उत्साह से भरा रहा, जिसने भारत-ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते रिश्तों की झलक दिखाई।
भारतीय समुदाय के इस भव्य कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “धन्यवाद मेलबर्न! धन्यवाद ऑस्ट्रेलिया! आज का दिन बेहद उत्साहपूर्ण और ऊर्जा से भरा रहा।”
उन्होंने आगे लिखा, “मेलबर्न का सामुदायिक कार्यक्रम प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की मौजूदगी से और भी विशेष बन गया। उनका संबोधन शानदार था, जिसमें भारत-ऑस्ट्रेलिया मित्रता को लेकर उनकी गहरी प्रतिबद्धता और हमारी साझेदारी को दिए जाने वाले महत्व की स्पष्ट झलक मिली।”
ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान और पीओके के आतंकी ठिकानों को बनाया गया निशाना
गौरतलब है कि भारत ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को पर्यटकों के ऊपर हुए आतंकी हमलों के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर लांच किया था। यह ऑपरेशन भारतीय सेनाओं ने 6 और 7 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए लांच किया था।
पहलगाम में हुए आतंकी हमलों में 25 लोगों की जान गई थी। मारे गए लोगों में अधिकतर पर्यटक थे। भारतीय सेना द्वारा इसके जवाब में किए गए ऑपरेशन सिंदूर के शुरुआती हमलों में पाकिस्तान में मौजूद लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) जैसे समूहों के आतंकी ट्रेनिंग कैंपों को खास तौर पर निशाना बनाया गया। भारतीय सेना का कहना है कि इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए।
भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई के जवाब में पाकिस्तान ने जवाबी हमला किया। इससे दोनों देशों के बीच संघर्ष बढ़ा। भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष 10 मई तक चला और फिर युद्धविराम की घोषणा की।
यह भी पढ़ें – दिल्ली: जोरदार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त, सड़कें बनी सैलाब; तीन की मौत



