Home भारत दिल्ली: जोरदार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त, सड़कें बनी सैलाब; तीन की मौत

दिल्ली: जोरदार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त, सड़कें बनी सैलाब; तीन की मौत

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली में दिन भर बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

delhi ncr heavy rain disrupts normal life roads turned into torrents three people dead , दिल्ली
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

नई दिल्ली: दिल्ली में रात भर हुई भारी बारिश से राजधानी के कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे पेड़ उखड़ गए, यातायात बाधित हो गया और एक इमारत गिरने से जानलेवा हादसा हुआ। दिल्ली में बारिश के चलते रोहिणी में चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन भर और बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

राजधानी दिल्ली में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त

शहर भर से आए वीडियो और तस्वीरों में पानी से भरी सड़कों पर गाड़ियां रेंगती हुई दिखाई दीं। यात्रियों को घुटने तक पानी से गुजरना पड़ा। पेड़ों के उखड़ जाने से मुख्य रास्ते बंद हुए और बड़ी सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम दिखाई दिया।

कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण सड़कें नदियों जैसी हो गईं क्योंकि शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। सबसे भीषण त्रासदी रोहिणी में हुई। यहां भारी बारिश के बीच निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढह गई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।

IMD के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग स्थित मुख्य मौसम केंद्र में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 mm बारिश दर्ज की गई। इसी दौरान लोधी रोड पर 80.2 mm, रिज में 77.8 mm, पालम में 63 mm और आयानगर में 57.4 mm बारिश हुई।

यह भी पढ़ें – अखिलेश से विवाद गहराया! निशिकांत दुबे ने भेजा मानहानि नोटिस का जवाब; पूछा- सरकारी रिकॉर्ड में ‘टीपू’ कहां लिखा है?

शहर के कई इलाकों में जलभराव की खबर मिली। इनमें सदर बाजार, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, नसीरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर, कुशक रोड, मुनिरका, द्वारका, विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का इलाका शामिल है।

दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे, आउटर रिंग रोड पर ट्रैफिक हुआ बाधित

इसके अलावा धौला कुआं, महिपालपुर और राजोकरी के पास रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे-48 समेत कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक बहुत धीमा हो गया। कम विजबिलिटी और जलभराव की वजह से सुबह की भीड़-भाड़ के दौरान हालात और खराब हो गए।

लगातार हो रही बारिश की वजह से राजधानी के कई इलाकों में पेड़ भी गिर गए जिससे परेशानी और बढ़ गई। ईस्ट ऑफ कैलाश में दो पेड़ उखड़ गए जिससे कुछ देर के लिए सड़कें ब्लॉक हो गईं और ट्रैफिक बाधित हुआ। दोनों ही घटनाओं में हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

दिल्ली नगर निगम को पानी भरने, पेड़ गिरने और बिजली गुल होने की कई शिकायतें मिलीं जिसके बाद सड़कों को साफ करने और हालात सामान्य करने के लिए इमरजेंसी टीमें तैनात की गईं।

तेज बारिश का असर राजधानी के अलावा पड़ोसी शहर गुरुग्राम में भी दिखा जहां सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियां फंस गईं और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर, बसई, उमंग भारद्वाज चौक, कादीपुर, सेक्टर 10A और सोहना रोड के पास भारी जाम लग गया।

IMD ने पिछले दो दिनों में हुई जबरदस्त बारिश की वजह मौसमी मॉनसून ट्रफ का उत्तर की ओर हिमालय की तलहटी की तरफ खिसकना बताया है। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जब तक यह सिस्टम और उत्तर की ओर नहीं बढ़ जाता तब तक दिल्ली में जबरदस्त बारिश जारी रहने की संभावना है।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version