Home मनोरंजन पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर जानलेवा हमला, एक...

पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

0
Pankaj tripathi
पंकज त्रिपाठी के भाई पर हमला।

गोपालगंजः बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है। शुरुआती जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बेलसंड गांव में लंबे समय से चले आ रहे विवाद के चलते हमलावरों ने बिजेंद्र नाथ तिवारी को निशाना बनाया। आरोप है कि रविवार रात कुछ लोग पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही बिजेंद्र नाथ तिवारी वहां पहुंचे, उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

राजीव रंजन ने कहा, “जो लोग इस तरह की वारदातों में शामिल हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि बिहार में कानून अपना काम करता है। ऐसी घटनाओं के बाद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

इलाके में बढ़ाई गई निगरानी

घटना के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। वहीं, बिजेंद्र नाथ तिवारी के स्वास्थ्य पर परिवार और शुभचिंतकों की नजर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version