नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन वितरक कंपनी नायरा एनर्जी ने बुधवार (1 जुलाई) को पेट्रोल की कीमत में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपए रुपए प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है। यह कटौती कंपनी के देशभर में मौजूद रिटेल नेटवर्क पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने उद्योग सूत्रों के हवाले से बताया कि संशोधित दरें देशभर में 7,000 से अधिक नायरा ईंधन स्टेशनों पर लागू हो गई हैं।
इस कटौती की वजह मध्य पूर्व में तनाव कम होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट होना है। बता दें कि अमेरिका-ईरान युद्ध के चरम पर ईंधन की कीमतें बढ़ाने वाली पहली कंपनी भी नायरा एनर्जी ही थी।
हालांकि वैल्यू-एडेड टैक्स (VAT) और स्थानीय टैक्स के चलते रिटेल ईंधन की कीमतें राज्य-दर-राज्य अलग-अलग हो सकती हैं।
अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बीच मिडिल ईस्ट में कम हुआ तनाव
अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध को लेकर शांति वार्ता होने से मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव कम हो गया है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई है। ब्रेंट क्रूड का दाम पिछले एक महीने में करीब 23 फीसदी तक कम हो गया है। मौजूदा समय में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 73.21 डॉलर प्रति बैरल पर है।
वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमतों में भी बीते एक महीने में करीब 25 फीसदी की बड़ी गिरावट देखी गई है। इससे डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स का दाम घटकर 70 डॉलर प्रति बैरल के नीचे 69.73 डॉलर प्रति बैरल पर गया है।
यह भी पढ़ें – LPG, आधार से लेकर पासपोर्ट तक, 1 जुलाई से देश में लागू हुए ये 5 बड़े बदलाव, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर!
पश्चिमी एशिया में तनाव कम होने के बाद खुदरा विक्रेता द्वारा की गई यह मूल्य कटौती दो वर्षों से अधिक समय में किसी भी कंपनी द्वारा खुदरा ईंधन की कीमतों में की गई पहली ऐसी कटौती है।
सरकारी कंपनियों ने नहीं घटाए दाम
हालांकि सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दिल्ली में पेट्रोल का दाम 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपए प्रति लीटर बनी हुई है।
इसके अलावा तेल वितरक कंपनियों ने एक जुलाई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम 183.50 रुपए घटकर 2,930 रुपए हो गया है, जो कि पहले 3,113.50 रुपए था। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और उसे 942 रुपए पर स्थिर रखा गया है।
यह भी पढ़ें – Petrol Diesel New Rule: 1 जुलाई से खत्म होगी पेट्रोल-डीजल खरीद की लिमिट, सरकार ने हटाए व्यावसायिक ग्राहकों पर लगे प्रतिबंध
(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ )



