Home कारोबार LPG, आधार से लेकर पासपोर्ट तक, 1 जुलाई से देश में लागू...

LPG, आधार से लेकर पासपोर्ट तक, 1 जुलाई से देश में लागू हुए ये 5 बड़े बदलाव, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर!

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए आधार में ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक निशुल्क कर दी है।

0
Four-panel collage showing: identity card with fingerprint symbol, a red gas cylinder, a blue payment card, and a navy passport with a globe logo; bottom icons echoing security themes.
1 जुलाई 2026 से क्या-क्या बड़े बदलाव होने जा रहे हैं? IANS

जुलाई की शुरुआत आम लोगों के लिए कई अहम बदलाव लेकर आई है। 1 जुलाई 2026 से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों, पासपोर्ट शुल्क, आधार अपडेट, वाहनों के दाम और क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं। इनमें कुछ फैसलों से राहत मिलेगी, जबकि कुछ बदलाव आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डालेंगे। आइए जानते हैं आज से लागू हुए प्रमुख बदलावों के बारे में।

1. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता: तेल विपणन कंपनियों ने 1 जुलाई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती की घोषणा की है। इस फैसले के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर 183.50 रुपये सस्ता होकर 2,930 रुपये का हो गया है, जो पहले 3,113.50 रुपये में मिलता था। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वह 942 रुपये पर ही स्थिर है।

2. आधार में ईमेल आईडी अपडेट करना हुआ मुफ्त: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए एलान किया है कि 1 जुलाई से 31 दिसंबर तक आधार कार्ड में ईमेल आईडी को मुफ्त में अपडेट किया जा सकेगा। इससे पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था। UIDAI का उद्देश्य इस कदम के जरिए लोगों को अपने आधार डेटा में नवीनतम जानकारियां अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

3. पासपोर्ट बनवाना हुआ महंगा: सरकार ने पासपोर्ट जारी करने की फीस में बढ़ोतरी कर दी है। अब सामान्य श्रेणी में पासपोर्ट बनवाने के लिए 1,500 रुपये के बजाय 2,500 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, तत्काल श्रेणी के तहत पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। ये नई दरें 1 जुलाई से प्रभावी हो गई हैं।

4. टाटा और किआ समेत कई गाड़ियां हुईं महंगी: प्रमुख वाहन निर्माताओं द्वारा कीमतों में की गई बढ़ोतरी भी आज से लागू हो गई है। इसमें टाटा मोटर्स, किआ मोटर्स, एमजी मोटर्स और बीएमडब्ल्यू शामिल हैं। टाटा मोटर्स ने अपने पैसेंजर व्हीकल्स (PV) के दाम 1.5 प्रतिशत और कमर्शियल व्हीकल्स (CV) के दाम 2.5 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। इसके अलावा, किआ मोटर्स और बीएमडब्ल्यू ने अपनी कीमतों में 2-2 प्रतिशत, जबकि एमजी मोटर्स ने 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।

5. क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव: 1 जुलाई से कई बैंकों के क्रेडिट कार्ड नियमों में भी बदलाव हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एसबीआई कार्ड (SBI Card) ने चुनिंदा फोनपे एसबीआई कार्ड्स के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स के नियमों को संशोधित किया है, जिसके तहत कुछ नई सीमाएं तय की गई हैं और कुछ ट्रांजैक्शन्स को रिवॉर्ड श्रेणी से बाहर कर दिया गया है। वहीं, एचडीएफसी (HDFC) बैंक ने ‘रेगलिया गोल्ड’ क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए हर तिमाही में 3 बार मुफ्त डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस की सुविधा दी है, बशर्ते उन्होंने संबंधित तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च किए हों।

राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर, 8 यात्रियों की मौत; कई घायल

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version