पुणे: महाराष्ट्र के पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में बुधवार (8 जुलाई) को हुई भारी बारिश के बाद पुराने कचरे का पहाड़ जैसा ढेर पास की तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे वह ढह गई। इस घटना में कम से कम 16 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, इस दुर्घटना में एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया जिसके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल, सेना और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं।
पुणे दुर्घटना में सुनेत्रा पवार ने राहत और बचाव कार्य के जारी किए आदेश
यह घटना मोशी में हुई। यहां इमारत का इस्तेमाल एक प्राइवेट कंपनी के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिस के तौर पर किया जा रहा था जो नगर निकाय की ओर से उस जगह पर कचरे की प्रोसेसिंग का काम कर रही थी।
इस हादसे के संबंध में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने राहत एवं पुनर्वास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीता वेद सिंघल, पिंपरी चिंचवड नगर आयुक्त विजयकुमार सूर्यवंशी और पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे से संपर्क किया और उन्हें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने दुर्घटना में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सेना को भी बुलाया गया है। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है।
यह भी पढ़ें – शेयर बाजार पर ईरान-अमेरिका तनाव का असर, सेंसेक्स 1,677 अंक टूटा, 2 महीने में सबसे बड़ी गिरावट
महाराष्ट्र में लगातार बारिश से बाढ़ और अन्य समस्याएं
बता दें कि महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में अचानक बाढ़, नदियों के उफान और इमारतों के ढहने जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) की ओर से बुधवार को जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से अब तक राज्य में 62 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 पशुओं की भी जान गई है।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के तटीय और पश्चिमी जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा असर ठाणे और पालघर में देखने को मिला। इस दौरान ठाणे में 196.9 मिमी, पालघर में 185.4 मिमी, रायगढ़ में 134.1 मिमी, मुंबई उपनगर में 125.0 मिमी और पुणे में 69.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से अब तक हुई कुल बारिश के आधार पर लगभग सभी जिले ‘लार्ज एक्सेस’ (सामान्य से बहुत अधिक बारिश) की श्रेणी में पहुंच चुके हैं। पालघर में सामान्य से 457.3 प्रतिशत और पुणे में 435.4 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, पिछले पांच सप्ताह में हुई 62 मौतों में सबसे अधिक जानें इमारतों और दीवारों के ढहने तथा आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में गई हैं। संरचनाओं के ढहने से 25 लोगों की मौत हुई और 41 लोग घायल हुए। ये घटनाएं मुख्य रूप से नासिक, ठाणे, और मुंबई उपनगर में हुईं। वहीं, बिजली गिरने की घटनाओं में 23 लोगों की मौत और 17 लोग घायल हुए।
(आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)



