Home भारत महाराष्ट्र: बारातियों से भरे टेंपो और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच टक्कर,...

महाराष्ट्र: बारातियों से भरे टेंपो और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच टक्कर, 13 की मौत; कई घायल

महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई।

maharashtra-palghar-accident-mumbai-ahmedabad causes over dozen deaths many injured, महाराष्ट्र
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

मुंबईः महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर एक भीषण हादसा हुआ। यह हादसा धाणीवरी इलाके के पास हुआ। हाईवे पर बारातियों से भरे टेंपो और एक तेज रफ्तार कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कासा पुलिस के मुताबिक, बारात जा रहे वाहन में करीब 40 लोग सवार थे। इस दौरान टक्कर से वाहन पलटने के चलते कई लोग मलबे के नीचे दब गए।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया दुख

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट लिखी। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा “यह बेहद दुखद है कि मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर पालघर के दहानू में एक दुर्घटना में 13 लोगों की जान चली गई, जब एक टेम्पो की टक्कर एक कंटेनर से हो गई। इस घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन सभी के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि “इस घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं। उन्हें कासा के उप-जिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मैं जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर मौजूद थे। वहां बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों की हालत में शीघ्र सुधार हो। राज्य सरकार इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।”

समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, यह हादसा सोमवार (18 मई) दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट के आसपास यह हादसा हुआ। बारातियों से भरा टेंपो दहानू के बापू गांव से धाणीवरी में एक शादी समारोह में जा रहा था। जैसे ही यह वाहन धाणीवरी इलाके के पास पहुंचा, तभी सामने से गुजरात की ओर से मुंबई जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कंटेनर बारातियों से भरे टेंपो पर पलट गया। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कई लोगों ने मौके पर ही तोड़ा दम

चश्मदीदों के मुताबिक, इस भीषण हादसे में कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरे मलबे और घायल लोगों को देखकर वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और जरूरी हरसंभव मदद मुहैया कराई। हादसे के बाद पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।

यह भी पढ़ें – कैसी होगी भारत की बुलेट ट्रेन? रेल मंत्रालय ने दिखाई पहली झलक; जानिए, कहां तक पहुंचा प्रोजेक्ट का काम

इस हादसे के मृतकों में सुरेश रत्ना लाखात, पांडू गणपत लाखात, काळू गोविंद लाखात, सुनील अर्जुन दांडेकर, चिमा गोविंद कुरहाडा, नमिता विठ्ठल दांडेकर, सारिका संतोष लाखात, आयुष सिताराम लाखात, सागर नामदेव शेंडे, वंदना शिवराम वलवी, सलोनी शिवराम वलवी, अजय अहाडी और रियांशी संतोष लाखात शामिल हैं।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस से इनपुट्स के साथ)

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version