Homeभारतसीने से लिपटे मां-बेटे के शव ने दहलाया, बरगी डैम क्रूज हादसे...

सीने से लिपटे मां-बेटे के शव ने दहलाया, बरगी डैम क्रूज हादसे में अब तक क्या बातें सामने आई हैं?

बरगी दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पीएम फंड से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है। सीएम मोहन यादव ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

जबलपुरः मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में गुरुवार (30 अप्रैल) को बरगी बांध पर एक क्रूज नाव पलटने से अब तक कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है। अचानक आए तूफान के दौरान यह हादसा हुआ। समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, अब तक 22 लोगों को बचाया जा चुका है। तलाशी अभियान के दौरान शुक्रवार (1 मई) को ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने विचलित कर दिया। तलाशी अभियान में जुटी टीम को एक महिला और उसके बच्चे का शव बरामद किया। मां और चार साल का बेटा एक ही लाइफ जैकेट में लिपटे मिले।

अधिकारियों के मुताबिक, नाव में 29 यात्री और दो क्रू सदस्य सवार थे। जलाशय में शाम की सैर से लौटते वक्त नाव खराब मौसम में फंस गई। तेज हवाओं के चलते नाव में पानी भर गया जिससे यह पलट गई।

बचाव अभियान में सेना, NDRF और SDRF की टीमें जुटीं

शुक्रवार को बचाव अभियान में सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें तैनात हैं। वहीं नाव को पानी से निकालने के लिए हाइड्रोलिक क्रेनों का भी इस्तेमाल किया गया।

बचाव में लगे एक कर्मी ने बताया कि अंदर जाना और काम करना बहुत ही कठिन हो गया है क्योंकि क्रूज बोट पूरी तरह उल्टी पड़ी हुई है। पानी के अंदर विजिबिलिटी लगभग शून्य है और कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा। ऐसे में टीम को अनुमान लगाकर खोज करनी पड़ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक रेस्क्यू के दौरान कई शव निकाले जा चुके हैं, जिनमें एक मां-बच्चा भी शामिल है। उनका कहना है कि यह सब इतना मुश्किल है कि शब्दों में बताना भी कठिन है। क्रूज के अंदर जगह बहुत कम है, खिड़कियां छोटी हैं और ग्रिल के बीच शव फंसे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि एक मां और बच्चे को एक साथ निकालना बहुत मुश्किल हो गया था। मां ने अपने बच्चे को मजबूती से पकड़ा हुआ था और दोनों को एक साथ उस छोटे से रास्ते से बाहर निकालना लगभग असंभव हो रहा था। लेकिन काफी कोशिशों के बाद उन्हें बाहर निकाला गया।

लापता लोगों की सूची जारी

जबलपुर जनसंपर्क विभाग ने बरगी क्रूज दुर्घटना में लापता व्यक्तियों की सूची जारी की है। इसमें कुल नौ लोगों के नाम दर्ज हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं।

सूची में तमिल (5 वर्ष), विराज सोनी (6 वर्ष), मयूरम (9 वर्ष), पूनम थापा (7 वर्ष), ज्योति श्रीवास (34 वर्ष), त्रिशान (4 वर्ष), प्रदीप मैसी, मरिना मैसी और कामराज का नाम दर्ज है।

यह भी पढ़ें – कलकत्ता हाई कोर्ट ने TMC की याचिका की खारिज, मतगणना में सिर्फ केंद्रीय कर्मचारियों को सुपरवाइजर बनाने का किया था विरोध

पीएम मोदी ने अनुग्रह राशि की घोषणा की

बरगी की इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की तरफ से इस बाबत सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी की गई है। इस पोस्ट में लिखा “मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने से हुई जानमाल की हानि अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुखद घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।”

यह भी पढ़ें – मध्य प्रदेश: जबलपुर में बड़ा हादसा, नाव डूबने से 4 की मौत; 18 लापता

मृतकों के परिजनों को पीएम फंड से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50 हजार रुपये की घोषणा क है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुर्घटना की जांच के निर्देश जारी किए हैं। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना चक्रवात की वजह से हुई। उन्होंने कहा कि विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही मिलेगी।

अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here