Home भारत कर्नाटकः पाकिस्तान के आतंकी संगठन से संबंध होने के शक में यूपी...

कर्नाटकः पाकिस्तान के आतंकी संगठन से संबंध होने के शक में यूपी का शख्स गिरफ्तार, NIA की सूचना पर कार्रवाई

कर्नाटक के गृहमंत्री प्रियांक खड़गे ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में युवक के पाकिस्तान स्थित कुछ लोगों के संपर्क में होने की बात सामने आई है।

0
A man in a gray shirt is led by two police officers with handcuffs in a dusty outdoor setting, with more officers in the background.
गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सुहेल के रूप में हुई है। (IANS/ AI Generated)

कर्नाटक पुलिस ने पाकिस्तान स्थित एक आतंकी संगठन से कथित संबंध रखने के संदेह में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दावणगेरे जिले के एक गांव से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की जांच के लिए तुमकुरु पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से मिले इनपुट के आधार पर की गई कार्रवाई में आरोपी को हिरासत में लिया गया। बाद में उसे आगे की जांच के लिए तुमकुरु पुलिस को सौंप दिया गया।

यूपी के निवासी के रूप में हुई पहचान

गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सुहेल के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि वह कर्नाटक में पेंटर के रूप में काम कर रहा था और हाल ही में हरिहर तालुक क्षेत्र में आकर रहने लगा था। दावणगेरे जिला पुलिस और खुफिया अधिकारियों की संयुक्त टीम ने उसे एक गांव से गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में उसके मोबाइल फोन और व्हाट्सएप अकाउंट से कथित तौर पर ऐसी जानकारियां मिलने का दावा किया गया है, जो संदिग्ध आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ी हो सकती हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि चैट रिकॉर्ड से उसके कुछ पाकिस्तानी नागरिकों के संपर्क में होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, इन संपर्कों की प्रकृति और उनके संभावित उद्देश्यों की पुष्टि अभी जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

कर्नाटक के गृहमंत्री ने क्या कहा?

कर्नाटक के गृहमंत्री प्रियांक खड़गे ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में युवक के पाकिस्तान स्थित कुछ लोगों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि आरोपी रोजगार की तलाश में कर्नाटक आया था और उसके मोबाइल फोन से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।

प्रियांक खड़गे ने पत्रकारों से कहा, “प्रारंभिक जांच और उपलब्ध जानकारी के अनुसार वह उत्तर प्रदेश से काम की तलाश में यहां आया था। उसके मोबाइल फोन से कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। चैट रिकॉर्ड से यह भी सामने आया है कि वह कुछ पाकिस्तानियों के संपर्क में था।”

हालांकि, गृहमंत्री ने स्पष्ट किया कि क्या आरोपी किसी बड़े कट्टरपंथी नेटवर्क का हिस्सा था या उसे किसी तरह से प्रभावित किया गया था, इस बारे में फिलहाल कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 4 जून को भी कर्नाटक के तुमकुरु और दावणगेरे जिलों से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उन पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे एक व्यक्ति के संपर्क में रहने और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रतिकूल गतिविधियों की साजिश रचने का आरोप था। ताजा गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इन मामलों के बीच कोई संबंध है।

इस बीच, सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के डिजिटल उपकरणों, संपर्कों और ऑनलाइन गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने तक किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरी, 40-45 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version