Home विश्व ईरान ने ठुकराया अमेरिका का ‘एकतरफा’ प्रस्ताव, ‘आगे का रास्ता’ खोजने का...

ईरान ने ठुकराया अमेरिका का ‘एकतरफा’ प्रस्ताव, ‘आगे का रास्ता’ खोजने का दिया संकेत; ट्रंप ने क्या कहा?

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान ने अमेरिकी प्रस्ताव की समीक्षा की और इसे ठुकरा दिया है। इसे एकतरफा और अनुचित बताया है।

IRAN REJECT AMERICA PROPOSAL CALLED IT ONE SIDED SUGGEST PATH FORWARD THROUGH DIPLOMACY, ईरान, अमेरिका
फोटो- आईएएनएस

तेहरानः ईरान ने गुरुवार (26 मार्च) अमेरिका द्वारा दिए गए युद्धविराम के ‘एकतरफा’ प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। ईरान ने इसे “एकतरफा और अनुचित” बताते हुए खारिज किया है। हालांकि, यह भी संकेत दिया कि अगर राजनयिक प्रयास जारी रहें तो आगे का रास्ता मिल सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रस्ताव की बुधवार (25 मार्च) रात को वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों और ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि द्वारा विस्तृत समीक्षा की गई।

ईरानी अधिकारियों ने क्या कहा?

ईरानी अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान द्वारा तेहरान को सौंपा गया प्रस्ताव केवल अमेरिका और इजराइल के हितों को पूरा करता है। उन्होंने यह भी कहा कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच वार्ता की कोई योजना “इस स्तर पर व्यावहारिक” प्रतीत नहीं होती है।

अधिकारी ने आगे कहा कि ” कूटनीति रुकी नहीं है और अगर वाशिंगटन में यथार्थवाद हावी होता है तो आगे बढ़ने का रास्ता अभी भी मिल सकता है। ” उन्होंने यह भी कहा कि तुर्की और पाकिस्तान संघर्ष को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें – भारत समेत पांच मित्र देशों को स्ट्रेट ऑफ होर्मूज से गुजरने की अनुमति: ईरानी विदेश मंत्री

उन्होंने आगे कहा, “ संक्षेप में प्रस्ताव में यह सुझाव दिया गया है कि ईरान प्रतिबंधों को हटाने की एक अस्पष्ट योजना के बदले में आत्मरक्षा करने की अपनी क्षमता छोड़ देगा। ” उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्ताव में सफलता के लिए आवश्यक न्यूनतम शर्तें पूरी नहीं होतीं।

इससे पहले बुधवार को ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने कहा कि ईरानी अधिकारियों द्वारा प्रस्ताव को ठुकरा दिया गया है। हरान ने युद्धविराम के लिए अपनी पांच मांगें रखी हैं, जिनमें अमेरिका-इजरायल हमलों से हुए नुकसान के लिए मुआवजा और होर्मुज जलडमरूमध्य पर संप्रभुता शामिल है।

समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा ईरानः ट्रंप

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि ईरान “समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा है।” उन्होंने तेहरान को चेतावनी दी कि अगर उसने “गंभीरता नहीं दिखाई” तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

सोशल प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा ” ईरानी वार्ताकार बहुत अलग और ‘अजीब’ हैं। वे हमसे समझौता करने के लिए ‘भीख’ मांग रहे हैं, जो उन्हें करना ही चाहिए क्योंकि सैन्य रूप से उनका सफाया हो चुका है और उनके फिर से उभरने की कोई संभावना नहीं है, फिर भी वे सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि वे केवल ‘हमारे प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं।’ गलत!!! “

उन्होंने आगे कहा कि ” उन्हें जल्द ही गंभीरता से कदम उठाना चाहिए, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, क्योंकि एक बार ऐसा हो गया तो फिर पीछे मुड़ना संभव नहीं होगा और परिणाम अच्छे नहीं होंगे। “

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version