Home विश्व पुतिन के आवास पर ड्रोन हमला, रूस का यूक्रेन पर आरोप; पीएम...

पुतिन के आवास पर ड्रोन हमला, रूस का यूक्रेन पर आरोप; पीएम मोदी ने जताई चिंता

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें बताया कि यूक्रेनी ड्रोन के एक झुंड ने कथित तौर पर उनके एक घर को निशाना बनाया था।

0
russian president vladimir putin to visit india today what are keypoints to discuss, व्लादिमीर पुतिन

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने की खबरों पर गहरी चिंता जताई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘रूसी संघ के राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरों से मैं बहुत चिंतित हूं। चल रहे राजनयिक प्रयास दुश्मनी खत्म करने और शांति हासिल करने का सबसे अच्छा रास्ता हैं।’

पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘हम सभी संबंधित लोगों से आग्रह करते हैं कि वे इन प्रयासों पर ध्यान केंद्रित रखें और ऐसे किसी भी काम से बचें जो इन्हें कमजोर कर सकता है।’ यह बयान रूस के नोवगोरोड क्षेत्र में कथित ड्रोन हमले की खबरों के बीच आया है, जिसके बारे में मॉस्को का दावा है कि इसने राष्ट्रपति पुतिन के एक कंट्री रेसिडेंस को निशाना बनाया है।

यूक्रेन पर ड्रोन अटैक का रूस का आरोप

रूस ने दावा किया है कि 91 लंबी दूरी के यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को के उत्तर में नोवगोरोड ओब्लास्ट में राष्ट्रपति पुतिन के एक आवास पर हमला करने की कोशिश की। देश के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि ड्रोन को रोक दिया गया और कोई नुकसान नहीं हुआ।

हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि रूस सही समय पर जवाब देने का अधिकार रखता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में चल रही शांति वार्ता में ‘रूस की बातचीत की स्थिति में बदलाव किया जाएगा’।

लावरोव ने कथित ड्रोन हमले को शांति प्रयासों को पटरी से उतारने की कोशिश बताया और कहा कि रूसी सेना ने ‘जवाबी हमलों’ के लिए टारगेट चुन लिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने सोमवार को एक फोन कॉल के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस घटना के बारे में बताया था।

जेलेंस्की का ड्रोन हमले के आरोपों पर इनकार

इस बीच, यूक्रेन ने रूसी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया। यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि रूस के बयान शांति वार्ता को पटरी से उतारने वाले हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ‘रचनात्मक शांति प्रक्रिया को पटरी से उतारने के मकसद से दिए गए उकसाने वाले रूसी बयानों की निंदा करने’ का आग्रह किया और कहा कि यूक्रेन सिर्फ रूसी क्षेत्र के अंदर वैध सैन्य ठिकानों को निशाना बनाता है।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें बताया कि यूक्रेनी ड्रोन के एक झुंड ने कथित तौर पर उनके एक घर को निशाना बनाया था। फ्लोरिडा में अपने मार-ए-लागो रिजॉर्ट में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ मीटिंग से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि रूसी नेता ने दिन में एक कॉल के दौरान यह मुद्दा उठाया था।

ट्रंप ने कथित ड्रोन हमले के बारे में पत्रकारों कहा, ‘आपको पता है मुझे इसके बारे में किसने बताया? प्रेसिडेंट पुतिन ने, सुबह-सुबह, उन्होंने कहा कि उन पर हमला हुआ है। यह ठीक नहीं है। मैं बहुत गुस्से में हूँ।’ उन्होंने यह भी माना कि यह दावा गलत भी हो सकता है और कहा कि यह ‘संभव है’ कि हमला हुआ ही न हो।

उन्होंने आगे कहा, ‘उनका विरोध करना एक बात है। लेकिन उनके घर पर हमला करना दूसरी बात है। यह सब करने का सही समय नहीं है।’

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version