Home विश्व ईरान के खिलाफ क्या परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेगा अमेरिका? पत्रकार के...

ईरान के खिलाफ क्या परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेगा अमेरिका? पत्रकार के सवाल पर ट्रंप ने दिया ये जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात से इनकार किया है कि वे ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकते हैं।

0
Donald Trump
फाइल फोटो

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ किसी भी परमाणु हथियार के इस्तेमाल से इनकार किया है। ट्रंप ने साथ ही कहा कि किसी को भी कभी भी परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा गया था कि क्या वे ईरान पर परमाणु हमले के बारे में सोच रहे हैं। एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा, ‘क्या आप ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेंगे?’ इस पर ट्रम्प ने ‘नहीं’ में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘नहीं। ऐसे मूर्खतापूर्ण सवाल क्यों पूछे जाते हैं?’

ट्रंप ने आगे कहा, ‘जब हमने ईरान को बिना परमाणु हथियार के पूरी तरह से नष्ट कर दिया है, तो मैं परमाणु हथियार का इस्तेमाल क्यों करूंगा? किसी को भी परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’

हालांकि, ईरान से अमेरिका के मौजूदा टकराव की एक वजह परमाणु हथियार से ही जुड़ी है। ट्रंप ईरान के यूरेनियम संवर्धन को पूरी तरह से बंद करने और 60% संवर्धित यूरेनियम भंडार को हटाने की मांग करते रहे हैं। ईरान के खिलाफ एक महीने से अधिक समय तक चले हमले के दौरान, अमेरिका ने कई परमाणु सुविधाओं पर हमला किया और पूरी तरह से नष्ट करने का भी दाव किया।

दूसरी ओर तेहरान ने बार-बार इन दावों का खंडन किया है और कहा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और इजराइल ईरान की ‘विशाल और रणनीतिक’ क्षमताओं से अनजान हैं।

‘यूरेनियम भंडार नहीं सौंपेंगे…’

ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम एक बार फिर बढ़ चुका है। वहीं, ईरान ने यह स्पष्ट किया है कि उसका संवर्धित यूरेनियम भंडार कहीं भी हस्तांतरित नहीं किया जाएगा। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई की ओर से ऐसा बयान पिछले हफ्ते आए ट्रंप के इस दावे के बाद आया था कि तेहरान अमेरिका को संवर्धित यूरेनियम सौंपने को तैयार है।

ट्रंप के दावे के बाद तेहरान की ओर से कहा गया कि, ‘ईरान का संवर्धित यूरेनियम कहीं भी हस्तांतरित नहीं किया जाएगा, अमेरिका को यूरेनियम हस्तांतरित करना हमारे लिए कभी विकल्प नहीं रहा है।’

एक्स पर एक पोस्ट में ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने भी ट्रंप के दावों को झूठा बताया था और इसकी कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने लिखा, ‘अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक घंटे में सात दावे किए, जिनमें से सभी सात झूठे थे। उन्होंने झूठ बोलकर युद्ध नहीं जीता, और न ही वे बातचीत में कुछ हासिल कर पाएंगे।’

यह भी पढ़ें- ट्रंप के ‘नरक’ वाले विवादित पोस्ट पर भारत ने जताई कड़ी आपत्ति, संगठनों ने भी जारी किया बयान

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version