Home विश्व डोनाल्ड ट्रंप ने डीसी गोलीबारी को बताया ‘आतंकी कृत्य’, बाइडन प्रशासन में...

डोनाल्ड ट्रंप ने डीसी गोलीबारी को बताया ‘आतंकी कृत्य’, बाइडन प्रशासन में अफगान ‘एलियंस’ की आमद से जोड़ा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डीसी में हुई गोलीबारी को आतंकवादी कृत्य बताया है। ट्रंप ने इसे बाइडन प्रशासन में अफगानी एलियंस से जोड़ा।

donald trump called dc shooting a terror attack biden era influs of afghan aliens
डोनाल्ड ट्रंप, फोटोः IANS

वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के पास में दो नेशनल गार्ड सैनिकों की गोली मारकर हत्या की निंदा की और इसे ‘जघन्य हमला’ बताया। उन्होंने इसे ‘आतंकी कृत्य’ करार देते हुए पेंटागन को राजधानी डीसी में 500 अतिरिक्त सैनिक तैनात करने का निर्देश दिया।

वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के इन सैनिकों पर बुधवार, 26 नवंबर को दोपहर व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर घात लगाकर हमला किया गया। इस हमले के बाद परिसर को तुरंत बंद कर दिया गया और कानून प्रवर्तन एजेंसियां इलाके में तैनात हो गईं। जब यह घटना हुई तब ट्रंप फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो क्लब में थैंक्सगिविंग डे मना रहे थे।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक वीडियो संबोधन में कहा “थैंक्सगिविंग अवकाश की पूर्व संध्या पर वाशिंगटन डीसी में सेवारत नेशनल गार्ड के दो सदस्यों को व्हाइट हाउस से कुछ ही कदम की दूरी पर एक भयानक घात-शैली के हमले में बिंदु-रिक्त सीमा से गोली मार दी गई।”

ट्रंप ने कहा “यह जघन्य हमला दुष्टता, घृणा और आतंक का कृत्य था…यह हमारे पूरे राष्ट्र के विरुद्ध अपराध था। यह मानवता के विरुद्ध अपराध था।”

इस हमले में एक संदिग्थ रहमानुल्ला लकनवाल के रूप में हुई है। उसकी उम्र 29 वर्ष है। गोलीबारी में घायल होने के बाद उसे हिरासत में लिया गया। लकनवाल अफगानी नागरिक है और कथित तौर पर 2021 में अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद अमेरिका आया था।

वाशिंगटन की मेयर म्यूरियल बोसर ने पहले इस गोलीबारी को एक लक्षित हमला बताया था। न्याय विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि इस घटना की जांच आतंकवादी कृत्य मानकर की जा रही है।

अपने संबोधन में ट्रंप ने पूर्ववर्ती जो बाइडेन पर निशाना साधते हुए दावा किया कि संदिग्ध को सितंबर 2021 में उनके प्रशासन द्वारा अफगानिस्तान से हवाई जहाज से लाया गया था।

संदिग्ध को हिरासत में लिया गया

ट्रंप ने कहा कि “मैं आज रात रिपोर्ट कर सकता हूं कि सर्वोत्तम उपलब्ध जानकारी के आधार पर होमलैंड सुरक्षा विभाग को विश्वास है कि हिरासत में लिया गया एक संदिग्ध विदेशी है जो अफगानिस्तान से हमारे देश में आया है – जो पृथ्वी पर एक नरक है।”

इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में संदिग्ध बंदूकधारी को ‘जानवर’ कहा था। उन्होंने कहा था कि उसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी और उसे काबू करने वाले गार्ड सदस्यों की प्रशंसा की थी।

ट्रंप ने कहा कि बाइडेन के शासन में अफगानिस्तान से हमारे देश में प्रवेश करने वाले हर एक विदेशी की फिर से जांच करनी चाहिए और हमें किसी भी देश से ऐसे किसी भी विदेशी को निकालने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने चाहिए जो यहां का नहीं है या हमारे देश के लिए कोई लाभ नहीं पहुंचाता है।

अफगानिस्तान युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना की मदद करने वाले अफगानों के लिए एक विशेष वीजा कार्यक्रम के तहत रहमानुल्लाह लकनवाल अमेरिका पहुंचा था। न्याय विभाग के एक अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि वह बाद में अपने वीजा की अवधि से ज्यादा समय तक रुका रहा और अब अवैध रूप से देश में रह रहा है।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version