अगर आप इस वीकेंड घर बैठे कुछ नया देखने की तैयारी कर रहे हैं तो 24 जुलाई को ओटीटी पर कई नई फिल्में और सीरीज रिलीज हुई हैं। इनमें रोमांस और कॉमेडी से लेकर माइथोलॉजिकल फैंटेसी, हॉरर-मिस्ट्री और पीरियड एक्शन तक अलग-अलग जॉनर की कहानियां शामिल हैं। नेटफ्लिक्स से लेकर प्राइम वीडियो, सोनीलिव और सनएनएक्सटी तक कई प्लेटफॉर्म पर नई रिलीज दर्शकों का इंतजार कर रही हैं।
मुसाफिर कैफे (Musafir Café) | Netflix

रिलीज डेट: 24 जुलाई
विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना स्टारर ‘मुसाफिर कैफे’ की कहानी चंदर, सुधा और प्रीति के इर्द-गिर्द घूमती है। प्यार, रिश्तों और जिंदगी में अचानक लिए गए फैसलों के बीच तीनों की जिंदगी एक-दूसरे से जुड़ जाती है। सीरीज रोमांस के अलग-अलग रंगों के साथ भावनात्मक रिश्तों और उनके उतार-चढ़ाव को दिखाती है।
कॉन सिटी (Con City) | Netflix

रिलीज डेट: 24 जुलाई
यह कॉमेडी फिल्म एक मध्यमवर्गीय परिवार की कहानी है, जिसकी सामान्य जिंदगी एक अजीब घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है। एक दिन बिजली गिरने के बाद परिवार का रसीद प्रिंटर 500 रुपये के नोट छापने लगता है। इसके बाद पैसे कमाने का लालच और इस राज को छिपाने की कोशिश परिवार को ऐसी परिस्थितियों में पहुंचा देती है, जहां कॉमेडी के साथ कई अप्रत्याशित घटनाएं सामने आती हैं।
फिल्म में अर्जुन दास, अन्ना बेन और योगी बाबू प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसका मलयालम डब वर्जन भी नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
नागबंधम (Nagabandham: The Secret Treasure) | Amazon Prime Video

रिलीज डेट: 24 जुलाई
मिथोलॉजी, फैंटेसी और एक्शन पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘नागबंधम’ एक विकल्प है। कहानी एक प्राचीन और पवित्र खजाने की रक्षा के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसे शक्तिशाली बुरी ताकतों से बचाने की जंग शुरू होती है। फिल्म तेलुगु के साथ हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी स्ट्रीम हो रही है।
ईगो रमन (Ego Raman) | Amazon Prime Video

रिलीज डेट: 24 जुलाई
‘ईगो रमन’ एक सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे युवक और एक आत्मसम्मानी स्कूल प्रिंसिपल के बीच टकराव की कहानी है। दोनों के बीच बढ़ता विवाद तब और दिलचस्प हो जाता है, जब कहानी में एक यामाहा मोटरसाइकिल भी अहम भूमिका निभाने लगती है। फिल्म में टकराव, भावनाओं और ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलता है।
आदर्श बाल विद्यालय (Adarsh Baal Vidyalaya) | Amazon Prime Video

रिलीज डेट: 24 जुलाई
यह सीरीज एक ऐसे स्कूल प्रिंसिपल की कहानी है, जो अपने काम को लेकर बहुत गंभीर नहीं है, लेकिन उसकी जिंदगी तब बदल जाती है जब सरकार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के लिए विशेष इनाम की घोषणा करती है। इसके बाद वह अपने स्कूल को सबसे आगे ले जाने का सपना देखने लगता है। कहानी में शिक्षा व्यवस्था के साथ हास्य और हल्के-फुल्के मनोरंजन का मेल देखने को मिलता है।
पल्लीचट्टम्बी (Pallichattambi) | SonyLIV

रिलीज डेट: 24 जुलाई
टोविनो थॉमस स्टारर ‘पल्लीचट्टम्बी’ इस हफ्ते की प्रमुख मलयालम रिलीज में शामिल है। 1990 के दशक के इडुक्की की पृष्ठभूमि पर बनी यह पीरियड एक्शन ड्रामा कृष्ण पिल्लई की कहानी है, जो बचपन में हुए एक हिंसक हमले के बाद अनाथ हो जाता है और ईसाई तथा हिंदू परिवारों के बीच पलता-बढ़ता है। आगे चलकर वह पोथन क्रिस्टोफर के नाम से चर्च का रक्षक बनता है।
हालांकि, गांव के आम लोगों की परेशानियों को समझने के बाद उसकी जिंदगी एक नया मोड़ लेती है। जब एक ताकतवर जमींदार ग्रामीणों की जमीन पर कब्जा करने लौटता है, तो कृष्ण पिल्लई पूरे समुदाय को एकजुट कर उसके खिलाफ खड़ा होता है। फिल्म में टोविनो थॉमस के साथ कायडू लोहार, शत्रु, विजयाराघवन, सिद्दीकी और बाबूराज जैसे कलाकार हैं। पृथ्वीराज सुकुमारन भी फिल्म में विशेष भूमिका में नजर आते हैं। यह फिल्म मलयालम के साथ तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ में भी उपलब्ध है।
ट्रिपल डेकर (Triple Decker)| ManoramaMAX

रिलीज डेट: 24 जुलाई
अगर आपको कुछ अलग और ऑफबीट देखने का मन है तो ‘ट्रिपल डेकर’ देख सकते हैं। यह एक डार्क कॉमेडी है, जिसकी कहानी एक डिलीवरी एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है। वह एक लड़की से प्यार करता है और उसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। लेकिन उसका सीधा-सादा प्लान जल्द ही अजीब और उलझी हुई घटनाओं की ऐसी कड़ी में बदल जाता है, जिसमें कॉमेडी के साथ सस्पेंस भी देखने को मिलता है।
सेक्रेट ऑफ कलिंगा (Secret of Kalinga) | SunNXT

रिलीज डेट: 24 जुलाई
हॉरर, मिस्ट्री और कॉमेडी का मिश्रण पसंद करने वालों के लिए ‘सेक्रेट ऑफ कलिंगा’ एक दिलचस्प विकल्प हो सकती है। कहानी प्राचीन कलिंग की जमीन पर बने एक कॉलेज से शुरू होती है। नए साल के जश्न के दौरान छात्र अनजाने में एक बंद कुएं को खोल देते हैं। इसके बाद रहस्यमयी घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है, जिसका संबंध एक प्राचीन साम्राज्य और दुर्लभ ब्लड मून ग्रहण से जुड़ा है। फिल्म में ध्याण श्रीनिवासन, अल्ताफ सलीम और रियाज खान प्रमुख भूमिकाओं में हैं।



