मुंबई: प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा ने प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने आरोप लगाया था कि मंदिर से प्रति वर्ष 18 करोड़ रुपये की दान राशि चोरी की जा रही है। उनके इस बयान को लेकर रविवार (2 अगस्त) को भाजपा की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि गणेश मंदिर के बारे में ऐसे आरोप लगाना ठीक नहीं है। अगर राज ठाकरे के पास कोई ठोस जानकारी है, तो उन्हें इसे पुलिस को सौंपना चाहिए।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, राम कदम ने कहा कि “राज ठाकरे खुद अक्सर दर्शन के लिए सिद्धिविनायक मंदिर जाते हैं। मैंने उनके साथ पांच साल काम किया है और भगवान गणेश उनके आराध्य देव हैं। गणेश मंदिर के बारे में ऐसे आरोप लगाना ठीक नहीं है। अगर उनके पास कोई ठोस जानकारी है, तो उन्हें इसे पुलिस को सौंपना चाहिए। मामले की पूरी जांच की जाएगी।”
सिद्धिविनायक मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों पर भाजपा का पलटवार
राम कदम ने राज ठाकरे पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ” मीडिया के सामने इस बारे में बात करने से सुर्खियां तो मिल सकती हैं लेकिन इससे किसी भी मंदिर में ऐसी घटनाओं को रोकने का मकसद पूरा नहीं होगा। पुख्ता जानकारी दिए बिना सिर्फ मीडिया के सामने बोल देना, यह उनका सुर्खियों में आने का प्रयास है। “
राम कदम ने कुलगाम के आतंकी हमले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ” पहलगाम हमले में लोगों को गोली मारने से पहले जिस तरह से उनका धर्म पूछा गया था वैसी ही एक घटना फिर से सामने आई है। इस मामले की पूरी जांच होगी और हर पहलू को देखा जाएगा। “

भाजपा विधायक ने कहा कि पहलगाम में जो हुआ, उसका दुश्मन देश को कड़ा जवाब दिया गया। इसके लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को खत्म कर दिया गया और इस मामले में भी शामिल किसी भी आतंकवादी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि धर्म या जाति पूछकर किसी की हत्या करना एक बर्बर और घिनौना काम है। ऐसे आतंकवादियों को मार गिराने का काम किया जाएगा। इन आतंकियों के पीछे जो ताकतें हैं, उन्हें भी माफ नहीं किया जाएगा। यह नरेंद्र मोदी की सरकार है, आतंकियों को घर में घुसकर मारा जाएगा।
राज ठाकरे ने क्या कहा था?
गौरतलब है कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में चंदा चोरी का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि हर साल करीब 18 करोड़ रुपये की राशि चोरी की जाती है। उन्होंने इस दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भी बोलते हुए कहा कि आजकल मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं।
ठाकरे ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी घेरा। उन्होंने कहा कि हताश और निराश युवा मंदिर का रुख करते हैं लेकिन अब मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने ट्रस्टियों द्वारा लिखे गए पत्र को भी पढ़ा और कहा कि उनकी (ट्रस्टियों) सतर्कता के कारण पैसे चुराने वाले कर्मचारियों को पकड़ा गया।
उनके इस आरोप पर ट्रस्ट के अध्यक्ष ने सफाई दी है। अध्यक्ष सदानंद शंकर सरवणकर ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई की गई है और 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई है।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर की वार्षिक आय बढ़कर 182 करोड़ हो गई है। यह राशि 2 साल पहले 114 करोड़ रुपये थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, 2024-25 में मंदिर की सालाना आय 133 करोड़ रुपये थी।
यह भी पढ़ें – CJP प्रदर्शनः दिल्ली पुलिस का दावा- 6 दिन तक हुई पत्थरबाजी; 244 पुलिसकर्मी और 209 नागरिक हुए घायल



