Home भारत Bihar Election: भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी, मैथिली ठाकुर को इस सीट...

Bihar Election: भाजपा की दूसरी लिस्ट जारी, मैथिली ठाकुर को इस सीट से मिला टिकट

मैथिली ठाकुर एक दिन पहले ही 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल हुई हैं। भाजपा की दूसरी लिस्ट में 12 उम्मीदवारों के नाम हैं। बक्सर से भाजपा ने IPS की नौकरी छोड़कर आए आनंद मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है।

0
Patna: Folk singer Maithili Thakur joins the Bharatiya Janata Party (BJP) in the presence of BJP state president Dilip Jaiswal ahead of the Bihar Assembly elections in Patna on Tuesday, October 14, 2025. (Photo: IANS)

पटना: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए बुधवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। भाजपा की इस सूची में 12 नाम शामिल हैं। खास बात ये है कि इस लिस्ट में लोकप्रिय लोकगीत गायिका मैथिली ठाकुर का भी नाम है, जो इसी हफ्ते भाजपा में शामिल हुई हैं। मैथिली ठाकुर के भाजपा में शामिल होकर चुनाव लड़ने की अटकलें पिछले कुछ दिनों से लगाई जा रही थी। बक्सर से भाजपा ने पूर्व IPS आनंद मिश्रा को उतारा है।

मैथिली ठाकुर को अलीनगर से टिकट

मैथिली ठाकुर को अलीनगर से भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। वे 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल हुई थीं। अलीनगर सीट से पिछली बार मुकेश साहनी की पार्टी VIP के टिकट पर मिश्री लाल यादव ने जीत हासिल की थी। बाद में ये बीजेपी में शामिल हो गए थे। हालांकि, पिछले साल 2024 के फ्लोर टेस्ट के दौरान राजद का साथ देने के आरोप में पार्टी ने इनसे किनारा कर लिया था।

भाजपा की दूसरी लिस्ट के अनुसार अलीनगर से मैथिली ठाकुर, हायाघाट से राम चंद्र प्रसाद, मुजफ्फरपुर से रंजन कुमार और गोपालगंज सीट से सुभाष सिंह को टिकट मिला, जबकि बनियापुर से केदार नाथ सिंह, छपरा से छोटी कुमारी, सोनपुर से विनय कुमार सिंह और रोसड़ा से बीरेंद्र कुमार चुनाव मैदान में हैं। बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से डॉ० सियाराम सिंह, अगिआंव से महेश पासवान, शाहपुर से राकेश ओझा को टिकट मिला है।

बक्सर से रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट

बक्सर से भाजपा ने आईपीएस की नौकरी छोड़कर आए आनंद मिश्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। आनंद मिश्रा ने पिछले ही साल लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए नौकरी छोड़ी थी। हालांकि, तब भाजपा से उन्हें टिकट नहीं मिला था। ऐसे में वे निर्दलीय ही चुनाव में उतरे थे और हार गए थे। इसके बाद वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के साथ कुछ दिन जुड़े रहे थे। पिछले साल अगस्त में वे भाजपा में शामिल हुए थे।

भाजपा ने इससे पहले मंगलवार को पहली लिस्ट जारी की थी जिसमें 71 नाम शामिल थे। अब 12 नए नामों के साथ ही भाजपा ने कुल 83 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा की पहली लिस्ट में दोनों डिप्टी सीएम और पूर्व डिप्टी सीएम समेत बिहार के कई मंत्रियों को टिकट दिया गया है। इसमें सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, प्रेम कुमार, मंगल पांडे, कृष्ण कुमार, राम नारायण मंडल और नितिन नबीन का नाम शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे तो वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा लखीसराय से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। इसके साथ ही, पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद कटिहार से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए हैं।

बिहार के 243 विधानसभा सीटों में से भाजपा गठबंधन के तहत 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इतनी ही सीटों पर सहयोगी जदयू को भी चुनाव लड़ना है। जबकि एनडीए की बाकी की सीटें चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बीच बंटी हैं।

बिहार में इस बार दो चरण में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को है। मतों की गणना 14 नवंबर को की जाएगी।

(ये खबर अभी अपडेट हो रही है)

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version