Home भारत बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा उम्मीदार अभिषेक कुमार सिन्हा ने नाम वापस लिया, पार्टी...

बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा उम्मीदार अभिषेक कुमार सिन्हा ने नाम वापस लिया, पार्टी ने अब इन्हें मैदान में उतारा

करीब चार लाख मतदाताओं वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पटना के मध्य क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण शहरी सीट मानी जाती है। यहां कायस्थ और वैश्य समुदाय का प्रभाव महत्वपूर्ण माना जाता है।

0
Bankipur BJP Candidate
बांकीपुर से नए भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा (बाएं) जबकि अभिषेक सिन्हा और बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी (दाएं)

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार में बदलाव करते हुए नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है। भाजपा ने पहले अभिषेक सिन्हा को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था और उन्होंने नामांकन भी भर दिया था। हालांकि, अभिषेक सिन्हा ने शुक्रवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए चुनाव से पीछे हटने का फैसला किया। इसके कुछ ही मिनट बाद भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। यह उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई है। यह सीट भाजपा का गढ़ भी माना जाता है। पिछले करीब 30 सालों से यहां भाजपा जीत हासिल करती आई है। बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 13 जुलाई है।

बांकीपुर में त्रिकोणीय मुकाबला

बांकीपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलने वाला है। भाजपा ने जहां बदलाव करते हुए यहां नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, वहीं जन सुराज पार्टी से पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर खुद चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है।

प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने के बाद यहां चुनाव दिलचस्प हो गया है। किशोर की जन सुराज पिछले सार बिहार चुनाव में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई थी और उसे एक भी सीट पर जीत नहीं मिली। प्रशांत किशोर तब चुनाव नहीं लड़े थे और इसे लेकर खूब सवाल भी उठे। हालांकि, अब किशोर पहली बार चुनावी मैदान में हैं।

कौन हैं भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा

32 साल के नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी के युवा नेताओं में गिने जाते हैं और लंबे समय से संगठन के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने पार्टी में जमीनी स्तर से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं है।

अपने राजनीतिक जीवन में नीरज कुमार सिन्हा बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और बीजेपी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष जैसे पदों पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा वे दो बार मंडल अध्यक्ष भी रहे हैं। हाल के वर्षों में वे बांकीपुर के नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

नीरज कुमार सिन्हा ऐसे परिवार से आते हैं, जिसका बीजेपी और उससे पहले जनसंघ से भी पुराना जुड़ाव रहा है। उनके चाचा नरेंद्र भारती जनसंघ के सक्रिय कार्यकर्ता थे और बाद में भाजपा से जुड़े रहे। वर्ष 1984 में उनके निधन के बाद उनके सम्मान में नरेंद्र भारती मंडल का नाम रखा गया। नीरज कुमार सिन्हा इसी मंडल के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे।

बांकीपुर के हाई-प्रोफाइल मुकाबले पर एक नजर

करीब चार लाख मतदाताओं वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पटना के मध्य क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण शहरी सीट मानी जाती है। यहां कायस्थ और वैश्य समुदाय का प्रभाव महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रशांत किशोर इस उपचुनाव को बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए सरकार के अब तक के काम के प्रदर्शन पर ‘जनमत संग्रह’ के रूप में पेश कर रहे हैं। ऐसे में बांकीपुर का यह चुनाव बिहार की सबसे चर्चित चुनावी लड़ाइयों में शामिल हो गया है।

चूकी यह सीट भाजपा का गढ़ रही है और इसमें भी अहम ये कि अब बांकीपुर सीट का कनेक्शन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से है, ऐसी स्थिति में सत्तारूढ पार्टी इस चुनाव को हल्के में नहीं ले सकती।

यह भी पढ़ें- राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से लगा झटका, चेक बाउंस मामले में तीन महीने की जेल

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version