Home विश्व बांग्लादेश ने तनावपूर्ण संबंधों के बीच भारतीयों के लिए वीजा सेवाएं की...

बांग्लादेश ने तनावपूर्ण संबंधों के बीच भारतीयों के लिए वीजा सेवाएं की बंद

बांग्लादेश ने तनावपूर्ण संबंधों के लिए भारत के लिए वीजा सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

bangladesh suspend visa for indian what the reason behind it, बांग्लादेश
बांग्लादेश, फोटोः आईएएनएस

ढाकाः बांग्लादेश में जारी तनाव के बीच नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग ने भारतीयों के लिए अनिश्चित काल के लिए वीजा सेवाएं निलंबित कर दीं क्योंकि प्रदर्शनकारियों का एक छोटा समूह उच्चायोग के पास इकट्ठा हो गया था।

बांग्लादेश में छात्र नेता उस्मान हादी की मौत के बाद बड़े स्तर पर हिंसक प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। इससे पहले रविवार, 21 दिसंबर को बांग्लादेश के सहायक उच्चायोग ने टिपरा मोथा पार्टी और अन्य समूहों द्वारा आयोग के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद वीजा सेवाओं को निलंबित करने की घोषणा की।

नई दिल्ली, पश्चिम बंगाल और सिलीगुड़ी में बंद हुईं सेवाएं

हिंदुस्तान टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी बांग्लादेश की ओर से एक निजी ऑपरेटर द्वारा दी जाने वाली वीजा सेवाएं भी तोड़फोड़ की घटना के बाद निलंबित कर दी गईं।

नई दिल्ली और अगरतला स्थित दूतावासों द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि “अपरिहार्य परिस्थितियों” के कारण सभी कांसुलर और वीजा सेवाएं अगली सूचना तक निलंबित कर दी गई हैं। सूत्रों के अनुसार, अगरतला स्थित बांग्लादेश के सहायक उच्चायोग के कर्मचारी अभी भी कार्यरत हैं।

यह भी पढ़ें – उस्मान हादी की हत्या के बाद, बांग्लादेश के एक और छात्र नेता के सिर में गोली मारी गई

पिछले सप्ताह कट्टरपंथी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मृत्यु के बाद बांग्लादेश में अशांति और व्यापक प्रदर्शन हुए हैं जिनमें भारत विरोधी रंग उभर आया है। भारत के आलोचक हादी की ढाका में बंदूकधारियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद सिंगापुर में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

भारतीय उच्चायोग पर हमले की कोशिश

18 दिसंबर को चटगांव शहर में भारतीय सहायक उच्चायोग पर एक बड़ी भीड़ ने धावा बोलने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और लाठियों का इस्तेमाल किया। इसके बाद चटगांव में भारतीय वीजा सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

कई दिनों तक बांग्लादेश के कुछ छात्र नेताओं और राजनेताओं ने दावा किया कि हादी के हत्यारे चुपके से भारत में घुस आए हैं और नई दिल्ली से उन्हें सौंपने की मांग की। हालांकि बांग्लादेश पुलिस ने रविवार को घोषणा की कि हमलावरों का पता नहीं चल पाया है।

यह भी पढ़ें – बांग्लादेशः हिंदू युवक की हत्या पर लेखिका तस्लीमा नसरीन ने साझा किया घटनाक्रम

रविवार को भारत ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग में सुरक्षा चूक की खबरों को “भ्रामक प्रचार” बताते हुए खारिज कर दिया और हालिया प्रदर्शनों में दीपू चंद्र दास नामक एक हिंदू व्यक्ति की “भयानक हत्या” पर चिंता व्यक्त की। दास को ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला गया था।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि शनिवार देर रात 20 से 25 युवक उच्चायोग के सामने जमा हुए और दास की “भयानक हत्या” के विरोध में नारे लगाए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर कर दिया।


author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version