Home विश्व बांग्लादेशः दीपू दास की लिचिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भीड़...

बांग्लादेशः दीपू दास की लिचिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भीड़ को उकसाने का लगाया आरोप

बांग्लादेश में दीपू दास की लिंचिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया है।

bangladesh main accused of deepu das lynching arrested what did police say, बांग्लादेश
फोटोः आईएएनएस

ढाकाः बांग्लादेश पुलिस ने गारमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले हिंदू युवक दीपू दास की पीट-पीटकर हत्या मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, पूर्व शिक्षक यासीन अराफात ने हमले की योजना बनाने और अंजाम देने में मुख्य भूमिका निभाई थी। मेमनसिंह में हुई इस घटना ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा और वैश्विक स्तर पर इसकी निंदा हुई।

दीपू दास की हत्या कथित तौर पर ईशनिंदा के आरोप में हुई थी। उसे फैक्ट्री के निरीक्षकों द्वारा जबरन इस्तीफा दिलाया गया, कार्यस्थल से बाहर कर दिया गया और कट्टर इस्लामपंथियों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को पेड़ से लटकाकर आग लगा दी गई। उसकी हत्या में कथित तौर पर उसके साथी भी शामिल थे।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया कि दास की हत्या के बाद अराफात कथित तौर पर क्षेत्र से भाग गया और छिप गया। उसे गुरुवार, 8 जनवरी को गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, हमले की साजिश रची थी और दूसरों को दास को निशाना बनाने के लिए उकसाया था। स्थानीय समुदाय में उसके नेतृत्व ने कथित तौर पर बड़ी भीड़ जुटाने में सक्षम बनाया जिससे स्थिति और भी घातक बन गई।

पुलिस ने कहा कि अराफात ने न सिर्फ भीड़ को उकसाया बल्कि खुद घसीटकर एक चौराहे पर ले गया जहां उसे पेड़ से बांधकर आग लगा दी। अराफात एक स्थानीय निवासी था और मस्जिद में पढ़ाता था। ऐसे में अब उसकी शिक्षक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या हमले की तात्कालिक घटनाओं के अलावा भी उसका प्रभाव था।

अराफात के साथ इस मामले में अब तक कुल 21 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। अधिकारी घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान करने के लिए अपनी जांच जारी रखे हुए हैं।

बांग्लादेश में हुई पांच घटनाएं

बीते कुछ दिनों बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हमलों के कई मामले सामने आए हैं। बीते तीन हफ्तों में इस तरह की पांच घटनाएं हुई हैं।

राजबाड़ी जिले में अमृत मंडल की गांववालों के एक समूह ने हत्या कर दी थी। उस पर फिरौती मांगने का आरोप था। वहीं, मेमनसिंह में बजेंद्र बिस्वास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

वहीं, एक और हिंदू युवक खोकन चंद्र दास पर चाकू से हमला कर आग लगाने का प्रयास किया गया था, जिसके बाद ढाका में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बीते सोमवार, (5 जनवरी) को राणा प्रताप की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। नौगांव जिले में एक 25 वर्षीय हिंदु युवक की तालाब में कूदने से मौत हो गई। उसने चोरी के शक में स्थानीय लोगों द्वारा पीछा करने के दौरान तालाब में छलांग लगा दी थी।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में बीते दिनों से हालात अस्थिर बने हुए हैं। वहां पर प्रदर्शन हो रहे हैं। अगस्त 2024 में शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद को छोड़ने और भारत आने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार चल रही है। करीब 18 महीने बाद फरवरी 2026 में चुनाव के बाद नई सरकार का गठन होगा।

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version