Home भारत अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पहली FIR, 8 लोगों के...

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पहली FIR, 8 लोगों के नाम; ट्रस्टी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

यह घटनाक्रम उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के अपनी शुरुआती रिपोर्ट सौंपने के दो दिन बाद हुआ है।

ayodhya-cash-row-police-booked-8-people involved in counting cash, अयोध्या
फोटोः समाचार एजेंसी आईएएनएस

लखनऊ: अयोध्या दान मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर में नकदी और कीमती सामान की चोरी और हेराफेरी के आरोप में गुरुवार (25 जून) को आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

यह घटनाक्रम उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के अपनी शुरुआती रिपोर्ट सौंपने के दो दिन बाद हुआ है।

लखनऊ जोन के एडीजी ने क्या कहा?

लखनऊ जोन के एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) प्रवीण कुमार ने बताया कि यह मामला अयोध्या के कोतवाली रामजन्मभूमि पुलिस स्टेशन में रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर दर्ज किया गया था।

FIR में नामजद आरोपियों में ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी चंपत राय के सहयोगी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और लवकुश मिश्रा व अनुकल्प मिश्रा शामिल हैं। लवकुश और अनुकल्प उन चार लोगों में शामिल हैं जो मंदिर में दान के तौर पर मिले कैश और कीमती सामान की गिनती करते हैं।

इंडियन एक्सप्रेस ने एक अधिकारी के हवाले से लिखा कि चंपत राय के पूर्व ड्राइवर यादव 2022 में मंदिर के उद्घाटन समारोह के बाद से ही मंदिर के कामकाज और अंदरूनी प्रबंधन की देखरेख कर रहे थे।

यह भी पढ़ें – नया पासपोर्ट बनाने के लिए अब चुकाने होंगे 2500 रुपये, तत्काल के लिए 5 हजार, 1 जुलाई से बढ़ेंगे दाम

लखनऊ डिविजनल कमिश्नर विजय विश्वास पंत, लखनऊ रेंज के IG किरण एस और वित्त विभाग के स्पेशल सेक्रेटरी नील रतन वाली तीन सदस्यीय SIT ने मंगलवार (23 जून) सुबह मुख्यमंत्री के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी संजय प्रसाद को शुरुआती रिपोर्ट सौंपी थी। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह इस रिपोर्ट को देखा है।

अयोध्या मामले में राजनीति गर्माती जा रही

अयोध्या मामले में राजनीति गर्माती जा रही है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में दान चोरी की जांच के लिए बनाई गई विशेष जांच टीम सिर्फ ‘आंखों में धूल झोंकने’ वाली कार्रवाई है।

अरविंद केजरीवाल गुरुवार (25 जून) को अयोध्या पहुंचे। शुक्रवार (26 जून) को वह राम मंदिर के दर्शन करेंगे। समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, अयोध्या में पत्रकारों से बात करते हुए आप प्रमुख ने कहा, ”मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भगवान राम के चरणों के जूते, माला, दीपक, आभूषण, हीरे और रत्न और यहां तक कि चढ़ावे की भी चोरी की गई है। लगभग 200 करोड़ रुपए कैश और करीब 2 किलो चांदी की भी चोरी का आरोप है। यह सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है और करोड़ों भक्त इससे आहत हैं।”

एक पुराने वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”मैंने कल कहा था कि अगर 100 रुपए भी चोरी हों तो एफआईआर दर्ज होती है, लेकिन यहां करोड़ों की चोरी के बावजूद एफआईआर नहीं दर्ज की गई है, जबकि कुछ राशि बरामद भी हुई है।”

आप प्रमुख ने कहा कि बिना एफआईआर के एसआईटी नहीं बनाई जा सकती। उन्होंने कहा, ”दंड प्रक्रिया संहिता में कहा गया है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद ही एसआईटी बनाई जाती है।”

author avatar
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version