श्रीनगर: बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए इस बार श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के महज तीन दिनों के भीतर ही अमरनाथ गुफा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56 हजार के पार पहुंच गई है। जम्मू से लेकर बालटाल और पहलगाम तक हर पड़ाव पर यात्रियों की भारी भीड़ नजर आ रही है।
3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के तीसरे दिन रविवार को 24,648 श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए। अधिकारियों के अनुसार, रविवार शाम तक बालटाल और पहलगाम-चंदनवाड़ी दोनों मार्गों से 24,648 तीर्थयात्री गुफा मंदिर पहुंचे। इससे पहले यात्रा के शुरुआती दो दिनों में 32,313 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस तरह तीन दिनों में कुल 56,961 यात्री बाबा अमरनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
बेस कैंपों पर भारी भीड़, 9 जुलाई तक सभी स्लॉट फुल
रविवार को मौसम आंशिक रूप से बादल छाया रहने के बावजूद यात्रा दोनों मार्गों पर सुचारू रूप से चलती रही। दर्शन के बाद श्रद्धालु सुरक्षित अपने-अपने शिविरों में लौट गए। बालटाल और नुनवान बेस कैंप से लेकर पवित्र गुफा तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। प्रशासन लगातार अपील कर रहा है कि श्रद्धालु निर्धारित तिथि के अनुसार ही यात्रा करें, लेकिन देशभर से बड़ी संख्या में लोग लगातार जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं।
यात्रा अनंतनाग जिले के 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से एक साथ संचालित की जा रही है।
अभूतपूर्व भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने अपंजीकृत श्रद्धालुओं से कुछ दिनों तक यात्रा स्थगित करने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक 9 जुलाई तक सभी पंजीकरण स्लॉट भर चुके हैं। रविवार से केवल पंजीकृत यात्रियों को ही कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है, जबकि अपंजीकृत श्रद्धालुओं को नए कोटे के उपलब्ध होने तक निर्धारित चौकियों पर रोका जाएगा।
जम्मू में भी लंबी कतारें
जम्मू में भी पंजीकरण केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। तवी नदी किनारे, राम मंदिर, पुरानी मंडी और गीता भवन के पास बने पंजीकरण व टोकन काउंटरों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। सोमवार सुबह से ही हजारों लोग पंजीकरण के लिए पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक विभिन्न तिथियों के लिए करीब 5,000 अपंजीकृत यात्रियों का नया पंजीकरण किया गया।
रामबन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमल जी जादू ने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे मार्ग पर 16 मेडिकल टीमें तैनात हैं। चंदरकोट यात्री निवास और लैंबर यात्रा कैंप में मिनी अस्पताल बनाए गए हैं, जहां ईसीजी, कार्डियक मॉनिटर और नेबुलाइज़र जैसी सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर करीब 75 सदस्यीय मेडिकल टीम तैनात की गई है, जिसमें 20 डॉक्टर और लगभग 50 पैरामेडिकल कर्मचारी शामिल हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 57 दिनों तक चलेगी और श्रावण पूर्णिमा तथा रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।
ये भी पढ़ेंः अमरनाथ यात्रा: ‘खूनी नाला’ का खतरा होगा खत्म, जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर 3.5 किमी लंबी टनल तैयार
समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट



