Home भारत सपा में टूट के ओपी राजभर के दावे पर अखिलेश यादव का...

सपा में टूट के ओपी राजभर के दावे पर अखिलेश यादव का जवाब- दाना और गाना कब तक चलेगा ये अफसाना

ओपी राजभर ने बुधवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था, ‘समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है।’

0
Akhilesh Yadav
फाइल फोटो- IANS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट के दावे पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है। अखिलेश ने राजभर के दावों को खारिज करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि बीजेपी का विपक्षी दलों में टूट कराने का पुराना इतिहास है। राजभर के दावे पर जब पत्रकारों ने अखिलेश यादव से सवाल पूछे तो सपा प्रमुख ने कहा- ‘दाना और गाना कब तक चलेगा ये अफसाना।’

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने बार-बार पार्टियों में फूट डालने और नेताओं को तोड़ने की रणनीति अपनाई है। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी ने पहले भी ऐसा किया है। वो ऐसे ही काम करती है। उसने कई पार्टियों को तोड़ा है। उसने समाजवादी पार्टी के विधायकों, एमएलसी और यहां तक ​​कि राज्यसभा जाने वाले नेताओं को भी तोड़ा था।’

अखिलेश ने आगे कहा, ‘लालच देकर, डराकर वो कुछ भी कहीं जाने वाले लोग..जो डर जाएगा, अपना दल छोड़कर चला जाएगा। बीजेपी से मुकाबला करना है तो बहादुर लोगों की टीम होनी चाहिए। मुकाबला करने के लिए समाजवादी पार्टी तैयार है।’

अखिलेश ने कहा कि राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बावजूद SP एक मजबूत पार्टी बनी हुई है। उन्होंने कहा, ‘समाजवादी पार्टी एक मजबूत संगठन है। हर राजनीतिक पार्टी की तरह, इसने भी अपने सफर में उतार-चढ़ाव देखे हैं, हम बीजेपी को चुनौती देने के लिए तैयार हैं।’

अखिलेश ने ये भी कहा कि ‘बीजेपी जो दूसरों के विधायक तोड़ती है यूपी में उन्ही के विधायक पाला बदलने की तैयारी में हैं।’ वहीं, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बहाने अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा आस्था और धर्म की राजनीति करती है, लेकिन उसके लिए सबसे अधिक महत्व धन का है। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या से लेकर गोरखपुर तक कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर सरकार जवाब देने से बच रही है।

ओपी राजभर ने क्या कुछ कहा था?

अखिलेश का बयान राजभर के उस दावे के कुछ घंटों बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सपा में ‘बड़ी फूट’ होने वाली है। राजभर ने दावा किया था कि पार्टी के कई नेता बीजेपी में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

राजभर ने बुधवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।’

राजभर के दावे के बाद सपा ने अंदरूनी संकट की बात को खारिज किया है। पार्टी सांसद राजीव राय ने राजभर की बातों पर तंज कसा। राय ने कहा, ‘मैंने घोसी में लोकसभा चुनाव के दौरान कहा था कि ‘बकबक-आइटिस’ (बहुत ज्यादा बकवास करना) नाम की एक बीमारी होती है। अगर इसका कोई इलाज नहीं है, तो क्या हम इसके लिए जिम्मेदार हैं? आप उन तीनों (पिता और बेटों) को इतना गंभीरता से क्यों लेते हैं? यह बीमारी प्रदूषण भी फैलाती है।’

यह भी पढ़ें- यूपी-पंजाब समेत इन राज्यों में समय से पहले होंगे चुनाव? भाजपा ने तेज की अपनी तैयारी

author avatar
विनीत कुमार
पूर्व में IANS, आज तक, न्यूज नेशन और लोकमत मीडिया जैसी मीडिया संस्थानों लिए काम कर चुके हैं। सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन की डिग्री। मीडिया प्रबंधन का डिप्लोमा कोर्स। जिंदगी का साथ निभाते चले जाने और हर फिक्र को धुएं में उड़ाने वाली फिलॉसफी में गहरा भरोसा...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version