West Bengal Assembly Result: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने टीएमसी के 15 साल के कार्यकाल को खत्म कर दिया है। राज्य में भाजपा ने बहुमत के जादुई आंकड़े को पार करते हुए 200 से अधिक सीटों पर बढ़त बना ली है। वहीं, भवानीपुर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी भी अपनी सीट हार गई हैं। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए यह एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,115 वोटों से करारी शिकस्त दी है। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भी अधिकारी ने ममता को नंदीग्राम से पटखनी दी थी। इस बार वह नंदीग्राम और भवानीपुर दो सीटों से चुनावी मैदान में थे। नंदीग्राम से अधिकारी ने पहले ही जीत दर्ज कर ली थी। इस सीट पर अधिकारी ने टीएमसी के पबित्र कर को 9,665 वोटों से करारी शिकस्त दी।
सुवेंदु अधिकारी ने 15 हजार वोटों से दी मात
सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी 15,114 वोटों से मात दी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, ममता को 58,8812 वोट मिले। वहीं, अधिकारी को 73,917 वोट मिले। अधिकारी को जहां 53.02 फीसदी वोट मिले तो ममता को 42.19 फीसदी वोट मिले।
इस सीट पर काउंटिंग के दौरान भी काफी गहमागहमी देखी गई। इस सीट पर 13 राउंड की काउंटिंग के बाद अनाउसमेंट पर रोक लगाई गई थी। भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच बहस और हंगामा हुआ। हंगामे के बाद ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी काउंटिंग सेंटर पर पहुंचे थे। इस बीच दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए।
यह भी पढ़ें – ‘गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल खिला’, बंगाल में ऐतिहासिक जीत पर क्या बोले पीएम मोदी?
भाजपा ने आरोप लगाया कि ममता काउंटिंग सेंटर पर मोबाइल फोन लेकर घुसी थीं और उनके पास इलेक्शन कार्ड न होने का भी दावा किया था। वहीं, अन्य पार्टियों के एजेंटों ने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंट ने उन्हें बाहर निकाल दिया है। ममता बनर्जी ने भी ऐसा ही आरोप लगाया है।

भाजपा 200 पार, TMC 80 पर सिमटी
भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 200 का आंकड़ा पार कर लिया है। चुनाव आयोग के अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा को 207 सीटों पर बढ़त हासिल है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस मात्र 80 सीट पर सिमट गई है।
यह भी पढ़ें – विजय ने तमिलनाडु में वो कमाल कैसे कर दिखाया जिसे रजनीकांत और कमल हासन नहीं कर सके?
2021 के विधानसभा चुनाव में पार्टी टीएमसी ने 213 सीटें हासिल की थीं। वहीं, भाजपा ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को करीब 45.83 फीसदी वोट मिले हैं। वहीं, टीएमसी को 40.81 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस की बात करें तो इसे 2.98 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा हुमायूं कबीर की नई पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी ने भी 2 सीट पर जीत दर्ज की है। दोनों ही सीटों पर हुमायुं कबीर ने ही जीत दर्ज की है।
कांग्रेस और वामपंथी दलों का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। वहीं, भाजपा ने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाई और 15 साल से सत्ता की कुर्सी पर काबिज टीएमसी को बेदखल कर दिया।

