कोलकाताः पश्चिम बंगाल में 2 मई को 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान होगा। चुनाव आयोग ने शुक्रवार (1 मई) को डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम में दोबारा चुनाव कराने का आदेश दिया है। 2 मई को इन दो विधानसभा के पंद्रह मतदान केंद्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी।
मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर इस दौरान मतदान होगा। इन जगहों में दोबारा से मतदान भाजपा द्वारा ईवीएम बटनों में छेड़छाड़ के आरोप लगाने के बाद हो रही है। वहीं, मतदाताओं और राजनीतिक दलों ने ईवीएम से छेड़छाड़, बूथ जाम और धांधली के आरोप लगाते हुए शिकायतें दर्ज कराई थीं। दरअसल भाजपा ने फाल्टा में ईवीएम के बटनों से छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। हालांकि, इस विधानसभा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, इस विधानसभा के 30 बूथों पर दोबारा मतदान हो सकता है। हालांकि, चुनाव आयोग की इसको लेकर कोई जानकारी नहीं आई है। फाल्टा विधानसभा डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है जो कि टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी का गढ़ मानी जाती है।
पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर 2 मई को दोबारा होगी वोटिंग
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए पत्र में चुनाव आयोग ने कहा कि 142-मगराहाट पश्चिम और 143-डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों और प्रेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है। आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत 29 अप्रैल को इन मतदान केंद्रों पर हुए मतदान को निरस्त कर दिया है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की खबर के मुताबिक, 142-मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान होगा। इनमें उत्तर येरपुर एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 2), नाजरा एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1 और 2), देउला एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1), घोला नोयापारा गर्ल्स हाई मदरसा (कमरा संख्या 2), एकतारा मलाया एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1 और 2), एकतारा मलाया धोरा एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1), बाहिरपुया कुरकुरिया एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1, 2 और 3) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें – कलकत्ता हाई कोर्ट ने TMC की याचिका की खारिज, मतगणना में सिर्फ केंद्रीय कर्मचारियों को सुपरवाइजर बनाने का किया था विरोध
वहीं, 143-डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 मतदान केंद्रों पर भी पुनर्मतदान कराया जाएगा। इनमें बगदा जूनियर हाई स्कूल, चंदा एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 2), हरिदेवपुर एफ.पी. स्कूल और रॉयनगर एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 2) शामिल हैं।
4 मई को जारी होंगे बंगाल चुनाव के नतीजे
आयोग ने यह भी निर्देश जारी किया है कि जिन क्षेत्रों में दोबारा से मतदान होगा, वहां पर व्यापक रूप से इसकी जानकारी दी जाए। जिससे लोग वोट दे सकें। गौरतलब है कि राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए थे। जिन बूथों पर दोबारा मतदान होगा, उनमें मतदान 29 अप्रैल को दूसरे चरण में हुआ था।
बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। 29 अप्रैल को मतदान संपन्न होने के बाद एग्जिट पोल्स जारी किए गए। इन पोल्स में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखी गई। हालांकि, असल नतीजे 4 मई को ही पता चलेंगे। गौरतलब है कि राज्य में ममता बनर्जी 2011 से सत्ता में हैं। वहीं, भाजपा राज्य में सत्ता की कोशिशों में लगी हुई है और चुनाव के दौरान कड़ी मशक्कत भी है। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं की बड़े पैमाने पर रैलियां आयोजित की गईं।
यह भी पढ़ें – बंगाल में मतगणना से पहले EVM पर हंगामा, ममता बनर्जी पहुंच गईं स्ट्रॉन्ग रूम; देर रात क्या कुछ हुआ

