क्या आप भी स्टेटस देखने के लिए बार-बार ‘Updates’ टैब पर जाते-जाते थक गए हैं? व्हाट्सऐप अब आपके इस अनुभव को पूरी तरह बदलने की तैयारी कर रहा है। फेसबुक और इंस्टाग्राम की तर्ज पर अब व्हाट्सऐप भी आपके दोस्तों के स्टेटस अपडेट्स को सीधे ‘Chats’ टैब के सबसे ऊपरी हिस्से में लाने वाला है।
आइए जानते हैं व्हाट्सऐप के इस नए इंटरफेस और बड़े बदलावों के बारे में:
WhatsApp चैट लिस्ट के ऊपर दिखेंगी स्टेटस ‘स्टोरीज’
व्हाट्सऐप अपडेट पर नजर रखने वाली वेबसाइट wabetainfo के अनुसार, व्हाट्सऐप के बीटा वर्जन (Android 2.26.11.2) में एक नया फीचर देखा गया है, जो स्टेटस अपडेट्स को सीधे आपकी मुख्य चैट स्क्रीन के टॉप पर ले आएगा। इसका मतलब है कि अब आपको यह जानने के लिए कि किसने क्या स्टेटस लगाया है, दूसरे टैब पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
आप चैट लिस्ट स्क्रॉल करते हुए ही ऊपर की तरफ अपने कॉन्टैक्ट्स के स्टेटस देख पाएंगे। यह बिल्कुल वैसा ही अनुभव होगा जैसा वर्तमान में इंस्टाग्राम पर मिलता है। हालांकि यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और कंपनी इसके यूआई (डिजाइन) पर गहन परीक्षण कर रही है।
2013 के बाद पहली बार बदलेगा ‘लोगो’ का अंदाज
व्हाट्सऐप के इतिहास में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। साल 2013 से अब तक व्हाट्सऐप अपनी ‘टॉप ऐप बार’ (ऊपरी पट्टी) में अपना नाम (WhatsApp) लिखता आया है। 2015 में इस नाम के साथ से लोगो (Logo) हटा दिया गया था। लेकिन अब खबर है कि व्हाट्सऐप इस ‘टेक्स्ट’ को हटाकर उसकी जगह अपना आधिकारिक ब्रांडिंग लोगो लगा सकता है। यह कदम न केवल दिखने में आधुनिक होगा, बल्कि ऐप के ऊपरी हिस्से में जगह भी बचाएगा।
इसके साथ ही व्हाट्सऐप इंटरफेस को साफ-सुथरा (Clean) बनाए रखने पर भी काम कर रहा है। वर्तमान में टॉप बार में ऐप का नाम, सर्च बटन, कैमरा और थ्री-डॉट मेनू जैसे कई विकल्प होते हैं। अब अगर स्टेटस अपडेट्स को भी यहीं जगह दी गई, तो स्क्रीन काफी भरी-भरी और उलझी हुई लग सकती है। इसी ‘क्लटर’ (भीड़भाड़) को कम करने के लिए व्हाट्सऐप नाम की जगह छोटे और कॉम्पैक्ट लोगो का इस्तेमाल करने पर विचार कर रहा है, ताकि स्टेटस के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।
फिलहाल यह फीचर ‘अंडर डेवलपमेंट’ है। व्हाट्सएप इसकी परफॉर्मेंस और यूआई की बारीकी से जांच कर रहा है। कंपनी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि इस बदलाव से ऐप की स्पीड या यूजर के अनुभव पर कोई बुरा असर न पड़े। चूंकि यह एक बड़ा डिजाइन बदलाव है, इसलिए इसे आम यूजर्स तक पहुँचने में थोड़ा समय लग सकता है।
ये भी पढ़ेंः फ्रांस Microsoft Windows का इस्तेमाल बंद क्यों करने जा रहा है?
क्या यह बदलाव सभी को मिलेगा?
जैसा कि व्हाट्सएप के कई प्रयोगों के साथ होता है, यह फीचर भी अभी टेस्टिंग फेज में है। यह साफ नहीं है कि यह नया टॉप बार डिजाइन और स्टेटस इंटीग्रेशन कब तक जारी किया जाएगा या किया भी जाएगा या नहीं। व्हाट्सऐप पहले यह परखेगा कि यह बदलाव यूजर एक्सपीरियंस के लिहाज से कितना सही है। अगर टेस्टिंग के नतीजे सकारात्मक रहते हैं, तभी ‘नाम’ की जगह ‘लोगो’ और ‘स्टेटस’ वाली नई डिजाइन को दुनिया भर में रोलआउट किया जाएगा।

