Friday, October 10, 2025
Homeमनोरंजनक्या है महादेव बेटिंग ऐप केस जिसमें अभिनेता साहिल खान को किया...

क्या है महादेव बेटिंग ऐप केस जिसमें अभिनेता साहिल खान को किया गया गिरफ्तार?

महादेव बेटिंग ऐप मामले में पुलिस ने एक्टर व फिटनेस ट्रेनर साहिल खान को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले ही मुंबई पुलिस की एसआईटी ने साहिल खान से पूछताछ की थी। साहिल खान ने मामले में अंतरिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन अदालत ने उनकी याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी कि उनका ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से सीधा संबंध था। मामले में एसआईटी ने साहिल खान से चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।

15 हजार करोड़ रुपये के महादेव बेटिंग ऐप मामले में पहला केस माटुंगा पुलिस ने दर्ज किया। इसके बाद जांच के लिए इसे क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को ट्रांसफर कर दिया गया। फिर एसआईटी का गठन कर जांच आगे बढ़ाई गई। साहिल लोटस बुक 24*7 नामक एक सट्टेबाजी ऐप वेबसाइट में भागीदार हैं। यह महादेव सट्टेबाजी ऐप नेटवर्क का हिस्सा है।

साहिल खान पर आरोप क्या है ?

साहिल खान पर आरोप है कि उन्होंने महादेव बेटिंग ऐप को प्रमोट किया था। उन पर लायन बुक और लोटस 24*7 जैसे अन्य सट्टेबाजी ऐप्स को भी प्रमोट करने का आरोप है। दिसंबर 2023 में, मुंबई क्राइम ब्रांच ने इन आरोपों को लेकर साहिल खान को तीन अन्य लोगों के साथ पूछताछ के लिए बुलाया था। जांच में पुलिस को पता चला कि अभिनेता ने ना सिर्फ लायन बुक ऐप का प्रचार किया बल्कि उनके इवेंट्स में भी हिस्सा लिया। हालांकि, अभिनेता ने कहा कि उनका इस ऐप से कोई लेना देना नहीं है।

साहिल ने ‘स्टाइल’ और ‘एक्सक्यूज मी’ जैसी फिल्मों में बतौर अभिनेता काम किया है। इसके बाद वो एक फिटनेस एक्सपर्ट बन गए। साहिल खान समेत 32 लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके बैंक खातों, मोबाइल फोन, लैपटॉप और तकनीकी उपकरणों की जांच कर रही है।

क्या है महादेव बेटिंग ऐप केस?

महादेव बेटिंग ऐप एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप है जिसके जरिए लोग क्रिकेट और अन्य खेलों पर दांव लगा सकते थे। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार, घोटाले का आकार लगभग 15,000 करोड़ रुपये है। इस ऐप पर कई अवैध सट्टेबाजी वेबसाइट का संचालन होता था। बेनामी बैंक खातों से से मनी लॉन्डरिंग की जाती थी। यह ऐप भारत में काफी लोकप्रिय था, खासकर छत्तीसगढ़ राज्य में।

महादेव बेटिंग ऐप कैसे करता था काम?

ये ऐप सोशल मीडिया पर पेड एडवर्टाइजमेंट दिखाकर लोगों को आईपीएल मैच, फुटबॉल, टेनिस और दूसरे खेलों में खिलाड़ियों और नतीजों पर दांव लगाने के लिए तैयार करता था।  इस ऐप को यूज करने वालों को दो नंबर मिलते थे – एक पैसे जमा करने के लिए और दूसरा जीते हुए पैसे निकालने के लिए। ये खाते बेनामी और फर्जी होते थे और सारे दांव इस तरह से फंसाए जाते थे कि कंपनी का कभी घाटा न हो। शुरुआत में ज्यादातर नए लोगों को जल्दी पैसा मिल जाता था, लेकिन लंबे समय में उन्हें बहुत बड़ा घाटा लग जाता था।

महादेव बेटिंग ऐप केस में किन हस्तियों को भेजा गया समन?

महादेव बेटिंग ऐप मामले में ईडी ने रणबीर कपूर, श्रद्धा कपूर, कपिल शर्मा, हुमा कुरैशी, हिना खान व अन्य को समन भेजा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनाक्षी सिन्हा और टाइगर श्रॉफ भी जांच के दायरे में हैं। हाल ही में महाराष्ट्र की साइबर टीम ने तमन्ना भाटिया को भी समन भेजा था।

महादेव बेटिंग ऐप केस में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं

2023 में, छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस ऐप के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। साल के शुरुआत में छत्तीसगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 250 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जिनमें एक दर्जन महत्वपूर्ण पदाधिकारी भी शामिल थे। ज्यादातर गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर लोगों को लुभाने के लिए विभिन्न स्थानों पर केंद्र संचालित कर रहे थे। 1 जनवरी 2023 को, पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए लोग पाकिस्तान और दुबई से जुड़े हुए थे। जांच में यह बात सामने आई थी कि महादेव ऐप का असली मालिक दुर्ग का रहने वाला है जो दुबई से संचालित करता है।

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने भी कुछ दिन पहले (26 अप्रैल 2024) महादेव गेमिंग और अन्य बेटिंग एप के माध्यम से ठगी करने वाले संगठित गिरोह के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अभय सिंह और संजीव सिंह के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभय सिंह महादेव बुक गेमिंग कंपनी का इंडिया हेड था। इस ऐप का नेटवर्क अभय का फुफेरा भाई अभिषेक दुबई से संचालित करता था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

मनोज मोहन on कहानीः याद 
प्रकाश on कहानीः याद 
योगेंद्र आहूजा on कहानीः याद 
प्रज्ञा विश्नोई on कहानीः याद 
डॉ उर्वशी on एक जासूसी कथा