Home मनोरंजन वे कश्मीरी पंडित हैं, जिन्होंने… ‘धुरंधर’ और निर्देशक आदित्य धर को लेकर...

वे कश्मीरी पंडित हैं, जिन्होंने… ‘धुरंधर’ और निर्देशक आदित्य धर को लेकर अनुराग कश्यप ने क्या कहा जिसकी हो रही चर्चा?

अनुराग कश्यप ने धुरंधर की तुलना अमेरिका पर बनी ऑस्कर विजेता ‘प्रोपेगेंडा फिल्मों’ से की, जिनमें कैथरीन बिगेलो की द हर्ट लॉकर (2009), जीरो डार्क थर्टी (2012) और अ हाउस ऑफ डायनामाइट (2024) शामिल हैं।

0
anurag kashyap praise aditya dhar, dhurandhar flim,

पांच हफ्तों से बॉक्स पर शानदार प्रदर्शन कर रही आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर धुरंधर की फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने काफी तारीफ की है। अनुराग ने लेटरबॉक्स्ड पर इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की मेकिंग को टॉप नॉच बताया। हालांकि उन्होंने फिल्म के दो दृश्य या कहें कि संवादों पर आपत्ति भी जताई है।

अपने रिव्यू में कश्यप ने लिखा, “अगर किसी जासूस या सैनिक में दुश्मन देश के खिलाफ गुस्सा और आक्रोश नहीं है, तो वह अपना काम नहीं कर सकता। इस स्तर पर मुझे कोई समस्या नहीं है।” हालांकि, उन्होंने साफ किया कि फिल्म के राजनीतिक संदेश से जुड़े दो संवाद उन्हें खटकते हैं।

कश्यप ने जिन दृश्यों पर आपत्ति जताई, उनमें एक आर माधवन का संवाद है जिसमें वहे कहते हैं कि ‘एक दिन ऐसा आएगा जब जो भी देश के बारे में कोई सोचेगा…’ और दूसरा फिल्म के अंत में रणवीर सिंह क यह संवाद कि ‘ये नया इंडिया है।’ अनुराग का कहना है कि इन दो हिस्सों को अलग कर दिया जाए, तो धुरंधर एक बेहतरीन, बल्कि शानदार फिल्म है, जिसकी पूरी कहानी पाकिस्तान में सेट है।

धुरंधर की तुलना हॉलीवुड की ऑस्कर विजेता फिल्मों से की

फिल्म के रिव्यू के आगे के हिस्से में अनुराग ने धुरंधर की तुलना अमेरिका पर बनी ऑस्कर विजेता ‘प्रोपेगेंडा फिल्मों’ से की, जिनमें कैथरीन बिगेलो की द हर्ट लॉकर (2009), जीरो डार्क थर्टी (2012) और अ हाउस ऑफ डायनामाइट (2024) शामिल हैं। कश्यप ने निर्देशक आदित्य धर की जिद और ईमानदारी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी फिल्ममेकिंग पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आती है।

आदित्य धर को लेकर कश्यप ने कहा कि वे उन्हें 2009 की नेशनल अवॉर्ड विजेता शॉर्ट फिल्म बूंद के दौर से जानते हैं, जिसमें उन्होंने लेखक के तौर पर काम किया था।

अनुराग कश्यप ने लिखा, “आप उनसे सहमत हों या असहमत, लेकिन वे ईमानदार हैं। वे मौके का फायदा उठाने वालों में से नहीं हैं। उनकी सभी फिल्में कश्मीर पर आधारित हैं। वे एक कश्मीरी पंडित हैं, जिन्होंने खुद पीड़ा झेली है। या तो उनसे बहस करें, या उन्हें उनके हाल पर छोड़ दें।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर कभी फिल्म की राजनीति पर बहस करनी हुई, तो वे सीधे आदित्य धर से बात करेंगे, लेकिन यह मानने से इनकार नहीं किया जा सकता कि धुरंधर एक महत्वपूर्ण फिल्म है।

अनुराग कश्यप ने रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को फिल्म की सबसे मजबूत कड़ी बताया और कहा कि रणवीर सिंह मेरी पसंदीदा परफॉर्मेंस हैं। वे बेहद सुरक्षित और आत्मविश्वासी नजर आते हैं। गौरतलब है कि हाल ही में एक शो में अनुराग कश्यप ने यह खुलासा किया था कि 2015 की फिल्म बॉम्बे वेलवेट में वह रणवीर सिंह को कास्ट करना चाहते थे, लेकिन प्रोड्यूसर्स ने रणबीर कपूर पर जोर दिया।

अनुराग कश्यप ने कहा, “जब मैंने स्क्रिप्ट लिखी थी, तब यह किरदार रणवीर के लिए था। वे उस वक्त काफी फ्रेश थे। लेकिन फिल्म को रणबीर के नाम पर बेचा गया और किरदार बदल गया। इसे स्वीकार करने में मुझे करीब एक साल लग गया।”

अनुराग कश्यप से पहले अभिनेता ऋतिक रोशन भी धुरंधर की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने पिछले महीने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था कि भले ही कोई फिल्म की राजनीति से सहमत न हो, लेकिन एक सिनेमा प्रेमी के तौर पर इससे सीख को नकारा नहीं जा सकता।

आदित्य धर और लोकेश धर की बी62 स्टूडियोज तथा ज्योति देशपांडे के नेतृत्व वाली जियो स्टूडियोज द्वारा सह-निर्मित धुरंधर में अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म भारत में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों में शामिल हो चुकी है।

पांच हफ्तों में धुरंधर ने कितनी कमाई की?

फिल्मों के व्यवसाय पर करीब से नजर रखने वाले तरण आदर्श ने धुरंधर की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट साझा की है। उन्होंने लिखा कि ‘धुरंधर’ ने वो कर दिखाया है जो अब तक किसी और फिल्म के लिए महज एक ख्वाब था। अपनी रिलीज के पांचवें शनिवार यानी 30वें दिन, इस फिल्म ने 800 करोड़ के क्लब में एक ‘मैजेस्टिक’ एंट्री मारी ली है। शनिवार को फिल्म ने 12.60 करोड़ की कमाई की।

इसी के साथ ‘धुरंधर’ भारतीय सिनेमा के इतिहास की पहली ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने मूल रूप से हिंदी में बनी होने के बावजूद इस ऐतिहासिक जादुई आंकड़े को छुआ है। तरण आदर्श ने बताया कि ‘धुरंधर’ अब तेजी से ‘पुष्पा 2’ (हिंदी) के लाइफटाइम बिजनेस के करीब पहुंच रही है। गौर करने वाली बात यह है कि ‘पुष्पा 2’ के नाम वर्तमान में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड दर्ज है, लेकिन ‘धुरंधर’ की रफ्तार को देखकर लगता है कि यह रिकॉर्ड अब खतरे में है।

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version