नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण के मतदान के बाद तमाम सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल आ रहे हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार की विदाई और भाजपा के सत्ता में आने के संकेत दिए जा रहे हैं। हालांकि पीपल्स पल्स (People’s Pulse) के एग्जिट पोल में तृणमूल कांग्रस की एक बार फिर जीत की बात कही गई है। इस एग्जिट पोल में तृणमूल की सीटें पहले से घटी हुई और भाजपा के 100 का आंकड़ा पार करने का भी संकेत है।
People’s Pulse Exit Poll: ममता की होगी वापसी
पीपल्स पल्स के अनुसार तृणमूल कांग्रेस को इस बार 177 से 187 सीटें आ सकती हैं। बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिहाज से ये संख्या बहुमत के लिे काफी है। बंगाल में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 148 है। पीपल्स पल्स के अनुसार भाजपा को 95 से 110 और कांग्रेस को भी एक से तीन सीटें मिल सकती हैं। लेफ्ट के खाते में 0 से 1 सीट जा सकती है।
दूसरी ओर पोल डायरी (Poll Dairy) के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा की राज्य में सरकार बन सकती है। भाजपा के खाते में 142 से 171 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, तृणमूल को 99 से 127 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 5 से 9 सीटें आएंगी। इसके अलावा मैट्रिज न्यूज के अनुसार, पश्चिम बंगाल में टीएमसी को बड़ा झटका लग सकता है। भाजपा को 146-161 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि टीएमसी को 130-140 सीटें मिलने का अनुमान है।
एबीपी ने अपने एग्जिट पोल में भाजपा को 146 से 161 सीटें आने के अनुमान जताया है। इसके अलावा PMARQ के एग्जिट पोल में भाजपा को 150 से 175 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। तृणमूल के खाते में 118 से 138 सीटें और कांग्रेस के खाते में 2 से 6 सीटें आ सकती हैं।
बंगाल में इस बार रिकॉर्ड मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार दोनों चरणों में रिकॉर्ड स्तर पर वोटिंग हुई है। पहले चरण में 93 प्रतिशत तक मतदान हुआ था। वहीं, दूसरे चरण के दौरान भी मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग द्वारा बुधवार को शाम 5 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में लगभग 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सुबह के मुकाबले दोपहर बाद मतदान में तेजी आई। दोपहर 1 बजे तक पहले छह घंटों में 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो तीन बजे तक बढ़कर 78.68 प्रतिशत पहुंच गया। इसके बाद अंतिम घंटों में भी मतदाताओं की सक्रियता बनी रही, जिससे कुल मतदान प्रतिशत लगभग 90 फीसदी के करीब पहुंच गया।
जिलेवार आंकड़ों में कई क्षेत्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पूर्व बर्धमान में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा हुगली में 90.34 प्रतिशत और नादिया में 90.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी मतदाताओं की भागीदारी काफी प्रभावशाली रही।
हावड़ा में 89.44 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 89.74 प्रतिशत और दक्षिण 24 परगना में 89.57 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, शहरी क्षेत्रों में भी संतोषजनक मतदान दर्ज किया गया, जहां कोलकाता उत्तर में 87.77 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण में 86.11 प्रतिशत वोटिंग हुई।
मतदान अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हालांकि, कुछ क्षेत्रों से छिटपुट हिंसा और गड़बड़ी की खबरें सामने आईं, लेकिन कोई बड़ी अप्रिय घटना दर्ज नहीं की गई। बता दें कि पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर संपन्न हुआ था। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान हुआ। अब सभी की नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब नतीजे घोषित किए जाएंगे।

