Wednesday, April 29, 2026
Homeभारतबंगाल में ममता को बड़ा झटका? केरलम में बढ़त की ओर यूडीएफ,...

बंगाल में ममता को बड़ा झटका? केरलम में बढ़त की ओर यूडीएफ, तमिलनाडु और असम में किसके सिर पर होगा ताज?

पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु, असम और पांडिचेरी के लिए एग्जिट पोल्स जारी किए गए हैं। इन राज्यों के लिए नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

नई दिल्लीः पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, पांडिचेरी, तमिलनाडु में विधासनभा चुनावों के लिए वोटिंग संपन्न होने के बाद एग्जिट पोल जारी किए गए हैं। एग्जिट पोल्स के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगता दिखाई दे रहा है। राज्य में भाजपा सत्ता की चाभी तक पहुंचती दिख रही है। वहीं केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को बढ़त मिल रही है। तमिलनाडु में डीएमके की वापसी के आसार हैं तो वहीं असम में कांग्रेस एक बार फिर से पिछड़ती नजर आ रही है।

इन राज्यों में चुनावी नतीजे 4 मई को जारी किए जाएंगे। लेकिन मतदान संपन्न होने के बाद एग्जिट पोल जारी कर दिए गए हैं। ऐसे में इन एग्जिट पोल्स में राज्यवार किसको बढ़त मिलती दिखाई दे रही है? इसकी चर्चा करेंगे।

बंगाल में ममता को झटका? केरलम में बढ़त की ओर यूडीएफ

P-Marq सर्वे के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भाजपा बढ़त की ओर दिखाई दे रही है। इस सर्वे में 294 विधानसभा सीटों में भाजपा को 150-175 सीटें मिलने का अनुमान है। ऐसे में यह सत्तारूढ़ टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सर्वे में टीएमसी को 118-138 सीटें मिलने का अनुमान है। ममता बनर्जी जहां 2011 से लगातार राज्य की मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में एग्जिट पोल्स में भाजपा को मिल रही बढ़त उसे सत्ता के शीर्ष पर पहुंचाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

इसी तरह पोल डेरी, मैट्रिज न्यूज के सर्वे में भी भाजपा आगे नजर आ रही है। हालांकि पीपल्स पल्स के सर्वे में टीएमसी वापसी करती नजर आ रही है।

यह भी पढ़ें – Exit Poll: फिर एक बार ममता सरकार? किस एग्जिट पोल ने तृणमूल को बहुमत मिलने का जताया अनुमान

वहीं, केरलम में यूडीएफ बढ़त की ओर दिखाई दे रही है। मैट्रिज एग्जिट पोल के मुताबिक, यूडीएफ को 70-75 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) को 60-65 सीटें मिलने की अनुमान है। सर्वे के मुताबिक, यहां राष्ट्रीय जनतांत्रित गठबंधन (एनडीए) को 3-5 सीटें मिलने की संभावना है। राज्य में कुल 140 विधानसभा सीटें हैं।

केंद्रशासित प्रदेश पांडिचेरी में ऑल इंडिया नेशनल कांग्रेस बहुमत की ओर दिखाई दे रही है। प्रजा पोल सर्वे के मुताबिक, 30 सीटों में एनआरसी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 19-25 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को 6-10 सीटों पर बढ़त हासिल हो सकती है।

तमिलनाडु में होगी स्टालिन की वापसी!, असम में कांग्रेस फिर रह जाएगी पीछे?

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 118 है। राज्य में सत्तारूढ़ डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन की एक बार फिर वापसी होती दिख रही है। पीपल्स पल्स एग्जिट पोल के मुताबिक, सेक्युलर प्रोगेसिव अलायंस (SPA) को 125-145 सीटें मिलने का अनुमान है। इस सर्वे में एआईएडीएमके और भाजपा के गठबंधन को 65-80 सीटें मिलने की उम्मीद है। वहीं, एक्टर विजय की पार्टी टीवीके का भी प्रभाव देखने को मिल सकता है। पार्टी को 18-24 सीटों पर बढ़त हासिल हो सकती है।

यहां पर 23 अप्रैल को सभी सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। इस बार राज्य में बंपर वोटिंग का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। यहां 84.6 फीसदी मतदान हुआ। हालांकि एक्सिस माई इंडिया के सर्वे में डीएमके को 92-110 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं विजय की टीवीके को 98-120 सीटें मिल सकती हैं। ऐसे में एक्टर विजय के लिए यह एक बड़ी सफलता होगी। इस सर्वे में एआईएडीएमके को 22-32 सीटें मिलने का अनुमान है।

मैट्रिज के सर्वे में डीएमके को बढ़त मिल रही है। इस सर्वे में डीएमके 122-132 सीटें जीत सकती है। वहीं, एआईएडीएमके और भाजपा के गठबंधन को 87-100 सीटें मिलने का अनुमान है। टीवीके को 10-12 सीटें मिल सकती हैं।

असम में कांग्रेस पार्टी की वापसी की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। जेवीसी एग्जिट पोल्स के मुताबिक, राज्य की 126 सीटों पर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन भारी बढ़त की ओर दिखाई दे रहा है। सर्वे में एनडीए को 88-101 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, विपक्ष को 23-33 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा अन्य पार्टियों को 2-5 सीटों पर बढ़त हासिल होने की संभावना है।

अमरेन्द्र यादव
अमरेन्द्र यादव
लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक करने के बाद जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई। जागरण न्यू मीडिया में बतौर कंटेंट राइटर काम करने के बाद 'बोले भारत' में कॉपी राइटर के रूप में कार्यरत...सीखना निरंतर जारी है...
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular