Home भारत AAP से भाजपा में गए विक्रमजीत सिंह साहनी ने भगवंत मान के...

AAP से भाजपा में गए विक्रमजीत सिंह साहनी ने भगवंत मान के ‘गद्दारी’ वाले बयान पर क्या कहा है?

पंजाब में उनके खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन और मुख्यमंत्री भगवंत मान की तीखी टिप्पणियों पर विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा कि गंभीर विचार-विमर्श के बाद वह इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि पंजाब और उसकी पहचान के लिए भाजपा ही एकमात्र समाधान है।

0
punjab politics
भगवंत मान और राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी । फोटोः IANS

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आरोपों का जवाब दिया है। साहनी ने साफ कहा कि उन्होंने पंजाब या पंजाब के लोगों के साथ किसी तरह की गद्दारी नहीं की है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन हमेशा पंजाबियों की सेवा के लिए समर्पित रहा है और आगे भी पहले से कई गुना ज्यादा काम करेंगे।

पंजाब में उनके खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन और मुख्यमंत्री भगवंत मान की तीखी टिप्पणियों पर समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में साहनी ने कहा कि गंभीर विचार-विमर्श के बाद वह इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि पंजाब और उसकी पहचान के लिए भाजपा ही एकमात्र समाधान है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान राज्य के मुख्यमंत्री हैं और जनता ने उन्हें चुना है, इसलिए वह उनके बारे में कुछ गलत नहीं कहना चाहते।

साहनी ने आगे कहा कि पंजाब की जनता बेहद समझदार है और वह सही समय पर अपना फैसला सुनाती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपना निर्णय दे देगी।

इसे भी पढ़ेंः सम्राट चौधरी से मिले कांग्रेस MLC समीर सिंह, सियासी गलियारों में हलचल; दो महीने बाद खत्म हो रहा कार्यकाल

‘हमने पंजाब के साथ गद्दारी नहीं की’

मुख्यमंत्री मान के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए साहनी ने कहा, “मैं उनकी बात से सहमत नहीं हूं। हमने पंजाब और पंजाबियों के साथ कोई विश्वासघात नहीं किया है। हम पहले भी तन-मन-धन से लोगों की सेवा कर रहे थे और आने वाले समय में दस गुना ज्यादा सेवा करेंगे।”

उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर भी बड़ा दावा किया। साहनी ने कहा कि पंजाब के किसी युवा को बेरोजगार नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पहले ही कह चुके हैं कि पंजाब में स्किल डेवलपमेंट और रोजगार से जुड़े खर्च के लिए केंद्र हरसंभव मदद करेगा।

किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए साहनी ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें आश्वासन दिया है और इस संबंध में प्रस्ताव मांगे हैं। इसके अलावा केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी विकास और उद्योग से जुड़े प्रस्ताव मांगे हैं।

पंजाब में कौन सा “ब्लैक बॉक्स कॉन्सेप्ट” चल रहा हैः साहनी

साहनी ने कहा कि पंजाब के विकास के लिए ठोस आंकड़े और योजनाएं देनी होंगी, तभी केंद्र स्तर पर तेजी से काम आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अभी पंजाब में कौन सा “ब्लैक बॉक्स कॉन्सेप्ट” चल रहा है, यह समझ से बाहर है।

अंत में उन्होंने कहा कि उनका हर फैसला पंजाब और पंजाबियों के हित में है। साहनी ने कहा, “हम पंजाब के लोगों से कोई गद्दारी नहीं कर रहे हैं। पंजाब और पंजाबियों के लिए जान भी हाजिर है। तन-मन-धन से उनकी सेवा करते रहेंगे।”

समाचार एजेंसी आईएएनएस इनपुट

author avatar
अनिल शर्मा
दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में उच्च शिक्षा। 2015 में 'लाइव इंडिया' से इस पेशे में कदम रखा। इसके बाद जनसत्ता और लोकमत जैसे मीडिया संस्थानों में काम करने का अवसर मिला। अब 'बोले भारत' के साथ सफर जारी है...

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version